महिला की मौत के बावजूद वेंटिलेटर पर चार दिन तक चलता रहा इलाज, 20 हजार प्रतिदिन वसूलने का आरोप
- परिजनों ने लगाया वेंटिलेटर के नाम पर करीब चार दिन तक 20 हजार प्रतिदिन वसूलने का आरोप
- हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस से भी हुई परिजनों की नोकझोंक
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बड़ौत में बड़ौली रोड स्थित नर्सिंग होम में भर्ती वृद्ध महिला की मौत पर सोमवार को जमकर हंगामा हुआ। परिजनों ने आरोप लगाया कि महिला की मौत के बावजूद चिकित्सक ने वेंटिलेटर पर रखने के नाम पर उनसे करीब चार दिन तक 20 हजार प्रतिदिन वसूले। अस्पताल कर्मियों से भी नोकझोंक हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस से भी परिजन उलझ गए। बाद में पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया।
मृतक महिला जैबुनी (60) पत्नी इकबाल सिनौली गांव की रहने वाली थी। परिजनों ने बताया कि उसे 27 जनवरी को गर्भाशय के ऑपरेशन के लिए बड़ौली रोड स्थित नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोप था कि महिला की मौत होने के बावजूद चिकित्सक ने शव को वेंटिलेटर पर रखे रखा। प्रतिदिन 20 हजार रुपये वसूलता रहा। सोमवार को इसका पता चला तो उन्होंने हंगामा किया। पूर्व प्रधान राजेंद्र सिंह पूनिया भी ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे और चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाया। उनकी अस्पताल कर्मियों से नोकझोंक हुई।
सूचना पर एसआई जाहिद खान अन्य पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे तो परिजनों की उनके साथ की नोकझोंक हुई। बाद में पुलिस ने पीड़ित पक्ष को समझा-बुझाकर मामला शांत कराया। हंगामा करने वालों में हासिम, जुबैर, फातिमा, इमराना, जावेद, हुसैन, परवीन, परवीना, शकीला, आबिदा शामिल रहे।
इस संबंध में कोतवाल अजय कुमार शर्मा ने बताया कि अभी तक इस संबंध में कोई शिकायत नहीं मिली है, तहरीर आने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उधर, इस संबंध में चिकित्सक का कहना है कि उनकी तरफ से कोई लापरवाही नहीं की गई है। उन पर लगाए जा रहे आरोप बेबुनियाद है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/