किसान आंदोलन: राकेश टिकैत बोले- सरकार के पास 26 नवंबर तक का समय, नहीं मानने पर ये बड़ी तैयारी
राकेश टिकैत ने कहा कि सरकार के पास 26 नवंबर तक का समय है। अगर जब तक सरकार नहीं मानी तो वे अपनी तैयारी करेंगे। भाकियू के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत आज बागपत पहुंचे थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि जब किसानों की समस्या का समाधान नहीं हो जाता तब तक संघर्ष के जरिये उनका आंदोलन जारी रहेगा। सरकार के पास बातचीत कर मसले को निपटाने का 26 नवंबर तक का समय है, इसके बाद वे अपनी तैयारी शुरू करेंगे।
बागपत के बिनौली में राकेश टिकैत ने शनिवार को जिवाना गुलियान स्थित सिद्घ गुरु स्थान नील कंठ आश्रम में सिद्घ गुरु महाराज से आशीष प्राप्त किया। इस दौरान हुई पत्रकार वार्ता में उन्होंने कहा कि 22 जनवरी के बाद से सरकार ने उनसे कोई बात नहीं की। एमएसपी पर गारंटी और तीनों कृषि कानूनों की समस्या का समाधान जब तक नहीं हो जाता, उनका आंदोलन जारी रहेगा। किसानों की समस्या का समाधान कराने के लिये संयुक्त किसान मोर्चा लड़ाई लड़ता रहेगा।
यह भी पढ़ें: बेटी की हत्या से बिखर गया परिवार: बूढ़े माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल, बोले- अब किसके सहारे जिएंगे हम
उन्होंने बताया कि गाजीपुर बॉर्डर दिल्ली से पुलिस प्रशासन ने बैरिकेडिंग हटा ली है। अब वे अपनी फसलों को लेकर दिल्ली की ओर आगे बढ़ेंगे। सरकार ने जहां उन्हें रोका तो, वहीं धरना जमा देंगे। उन्होंने कहा कि सरकार के पास बातचीत कर मसले को निपटाने का 26 नवंबर तक का समय है, इसके बाद वे अपनी तैयारी शुरू करेंगे। आंदोलन को मजबूत करेंगे।
यह भी पढ़ें: यूपी में रिश्वतखोरी के बड़े मामले: रंगेहाथ दबोचा गया ये अफसर, जांच में खुले बड़े राज, सच जानकर अफसर भी हैरान
वहीं विधानसभा चुनाव के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि अभी चुनाव की घोषणा नहीं हुई है। चुनाव की घोषणा होने पर ही विचार किया जाएगा। प्रेस वार्ता में अनिल सोलंकी, विनोद सोलंकी, बिल्लू प्रधान आदि उपस्थित रहे। इसके उपरांत दादरी गांव में पहुंचने पर भाकियू नेता शिवनारायण के नेतृत्व में ग्रामीणों ने राकेश टिकैत का फूल मालाओं से स्वागत किया।
उधर, शामली में भाकियू अध्यक्ष चौधरी नरेश टिकैत ने कहा कि भाजपा सरकार में किसान बर्बाद हो गए हैं। डीजल के दाम इतने बढ़ गए हैं कि खेती करना मुश्किल हो गया है। किसान अपने आप को ठगा सा महसूस कर रहा है। सरकार की गलत नीतियों से किसान भुखमरी की कगार पर हैं। किसान दिल्ली में लाल किला, संसद, और रामलीला मैदान तक घेरेंगे।
शनिवार को चौधरी नरेश टिकैत शामली के कुड़ाना मोड़ पर एक होटल के विवाद के मामले में आए थे। पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि किसानों ने दिल्ली में कोई रास्ता नहीं घेरा है। पुलिस ने रास्ता रोक रखा था। जिसे अब खोला जा रहा है। किसान अब लाल किला, संसद, और रामलीला मैदान तक पहुंचेंगे। भाजपा सरकार गन्ना किसानों का बकाया भुगतान नहीं करा पाई है। इस सरकार ने किसानों को बर्बाद कर दिया है। किसानों का विरोध विधानसभा चुनाव में भाजपा पर असर डालेगा।