लूट की वारदात: 15 संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ, व्यापारियों ने उठाए ये बड़े सवाल, जानें पूरा मामला
लूट के मामले में 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। सभी संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। माना जा रहा है कि पूछताछ में बड़े राज खुल सकते हैं।
विस्तार
बागपत जनपद के छपरौली में कपड़ा व्यापारी की दुकान में लूट होने के बाद गुरुवार को जमकर हंगामा हुआ। जिसके बाद पुलिस ने करीब 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया और पूछताछ करने में जुट गई। वहीं व्यापारियों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। आरोप है कि मुख्य बाजार तक से पुलिस गायब रहती है। वहां नियमित गश्त नहीं की जाती है। अगर पुलिस नियमित गश्त करती रहे तो लूट की घटना को अंजाम नहीं दिया जा सकता था।
छपरौली के व्यापारी राजेश जैन का कहना है कि कस्बे के बाजार में पुलिस हमेशा रहनी चाहिए। इसके लिए पुलिस को स्थायी रूप से बाजार के लिए लगाया जाना चाहिए, जिससे वहां पुलिस गश्त करती रहे। व्यापारी पवन कुमार का कहना है कि अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस गश्त जरूरी है। रात में जिस समय तक बाजार खुलता है, तब तक पुलिस की गश्त होनी चाहिए। अगर बाजार में रात में पुलिस की गश्त होती तो यह लूट की घटना नहीं होती।
व्यापारी आदेश जैन का कहना है कि बाजार बंद होने का निश्चित समय होना चाहिए। जिससे बाजार की सभी दुकान एक साथ बंद हो सके। क्योंकि बाद में बंद होने वाली दुकानों पर आपराधिक घटनाएं होने की आशंका रहती है।
यह भी पढ़ें: Murder: आपसी रंजिश या फिर युवती से प्यार, नहीं खुला तालिबानी कत्ल का राज, संगीनों के साए में हुआ अंतिम संस्कार
व्यापारी वीरेंद्र जैन का कहना है कि घटनास्थल के पास तिराहे पर दो पुलिसकर्मियों की निश्चित रूप से ड्यूटी होनी चाहिए। क्योंकि तिराहे पर पुलिस नहीं होती और असामाजिक तत्व ऐसे ही घूमते रहते हैं। अगर पुलिस की मुस्तैदी बढ़ जाए तो आपराधिक घटनाओं को रोका जा सकता है।
बाजार बंद रहने से ग्राहक रहे परेशान
लूट की घटना के विरोध में व्यापारियों ने दोपहर बाद तक बाजार बंद रखा। जिससे बाजार में सामान लेने आने वाले लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी। क्योंकि वहां आसपास कोई अन्य बाजार भी नहीं है।
यह भी पढ़ें: अग्निवीर भर्ती में फर्जीवाड़ा: आर्मी इंटेलिजेंस व मुजफ्फरनगर पुलिस ने चार दबोचे, बागपत का सिकंदर है मास्टमाइंड
घटना को देखकर लग रहा है कि वहां आसपास के रहने वाले बदमाशों ने इसे अंजाम दिया है। इसलिए ही सभी सीसीटीवी फुटेज देखी जा रही है और अन्य तरीकों से बदमाशों के बारे में पता लगाया जा रहा है। एसपी ने बताया कि इस मामले में 15 युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। इस घटना का जल्द खुलासा करने का दावा अधिकारी कर रहे हैं। - नीरज कुमार जादौन, एसपी