आजमगढ़। पीएम स्व निधि योजना के तहत प्रधानमंत्री ने तीन महानगरों को चिह्नित वेंडरों से वर्चुअल संवाद किया। कार्यक्रम का एनआईसी आजमगढ़ के साथ ही सभी निकायों में सीधा प्रसारण किया। इस दौरान प्रतीकात्मक रूप से स्ट्रीट वेंडरों को लोन प्रमाण-पत्र का वितरण किया गया। एनआईसी में प्रभारी जिलाधिकारी व सीडीओ ने पांच लाभार्थियों को प्रमाण पत्र का वितरण किया।
पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि (पीएम स्वनिधि) योजनांतर्गत लॉकडाउन से प्रभावित शहरी पथ विक्रेताओं के लिए आजीविका एवं रोजगार प्रारंभ करने के लिए एक लघु ब्याज आधारित ऋण सुविधा शुरू की गई है। जनपद में अभी तक लगभग 1900 लाभार्थियों को ऋण दिया गया है। योजनान्तर्गत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को लाभार्थियों से वर्चुअल संवाद किया। आनलाइन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कार्यक्रम में शामिल रहे। प्रधानमंत्री ने आगरा की फल विक्रेता प्रीति, वाराणसी के मोमो-कॉफी विक्रेता अरविंद मौर्य और लखनऊ के लाई, चना, मटर बेचने वाले विजय बहादुर से बात की। एनआईसी में प्रभारी डीएम आनंद कुमार शुक्ला ने राहुल चौहान, रतन चौहान, रमेश वर्मा, चन्दन पाठक, गीता देवी को 10-10 हजार का ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किया। जनपद में अब तक 1900 लोगों को यह ऋण स्वीकृत किया जा चुका है। निकायों में भी कार्यक्रम का आयोजन कर स्वीकृति पत्र वितरित किया गया। एडीएम प्रशासन नरेंद्र सिंह, पीओ डूडा अरविंद कुमार पांडेय, एलडीएम यूबीआई शंकर चंद सामंत उपस्थित रहे।

पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि योजना के तहत पात्र को प्रमाण-पत्र देते सीडीओ।- फोटो : AZAMGARH