एमएलसी चुनाव: भाजपा ने आजमगढ़ में सपा विधायक रमाकांत के बेटे पर लगाया दांव, बलिया-गाजीपुर में रोचक मुकाबला
आजमगढ़ में भाजपा ने सपा विधायक रमाकांत यादव के बेटे और फूलपुर पवई से निवर्तमान विधायक अरुणकांत यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उनके लिए सपा के राकेश यादव चुनौती होंगे।
विस्तार
विधानसभा चुनाव के बाद बीते मंगलवार से विधान परिषद चुनाव (एमएलसी चुनाव) के लिए नामांकन की प्रक्रिया चल रही है। नामांकन पर्चा भरने की अंतिम तारीख 21 मार्च है। भाजपा ने शनिवार को आजमगढ़-मऊ, गाजीपुर और बलिया में अपना प्रत्याशी घोषित किया। आजमगढ़ में भाजपा ने सपा विधायक रमाकांत यादव के बेटे और फूलपुर पवई से निवर्तमान विधायक अरुणकांत यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उनके लिए सपा के राकेश यादव चुनौती होंगे।
हालिया संपन्न विधानसभा चुनाव में फूलपुर पवई से भाजपा विधायक अरुणकांत को टिकट इसलिए नहीं दिया था कि सपा ने अरुणकांत के पिता रमाकांत यादव को प्रत्याशी बनाया था। विधानसभा चुनाव में रमाकांत सपा के टिकट पर निर्वाचित घोषित किए गए हैं। अब भाजपा ने विधान परिषद के चुनाव में अरुणकांत यादव को अपना प्रत्याशी घोषित किया है।
बलिया में चढ़ा राजनीतिक पारा
वहीं बलिया में एमएलसी चुनाव दिलचस्प होने के आसार हैं। भाजपा ने वर्तमान एमएलसी व पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पौत्र रविशंकर सिंह पप्पू को ही प्रत्याशी बनाया है। रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू तीन बार से बलिया से एमएलसी हैं। हर बार उनके दल अलग रहे हैं।
इस दफा विधानसभा चुनाव से पहले ही सपा से पाला बदल कर भाजपा में आ गए थे। इस बार उनके सामने समाजवादी पार्टी के युवा चेहरे अरविंद गिरी होंगे। बलिया से भाजपा और सपा की ओर से प्रत्याशी घोषित होने के बाद से जनपद का राजनीतिक तापमान बढ़ने लगा है। दोनों ही दलों के प्रत्याशियों की ओर से मंगलवार को अपना नामांकन करने की घोषणा की गई है। इसकी तैयारियां जोर शोर से की जा रही है।
राकेश और अरुण दोनों मेरे बच्चे, रेफरी का करूंगा काम: रमाकांत यादव
आजमगढ़ में भाजपा ने निवर्तमान विधायक अरुणकांत यादव तो सपा ने राकेश यादव गुड्डू को एमएलसी पद का प्रत्याशी बनाया है। इस पर विधायक रमाकांत यादव ने कहा कि वे समाजवादी विचार धारा के हैं। अरुणकांत और राकेश दोनों हमारे बच्चे हैं। एक भाजपा से जबकि दूसरा सपा से प्रत्याशी हैं। हम सिद्धांत के अनुसार रेफरी के रूप में काम करेंगे।
वहीं अरुण कांत यादव ने कहा कि आजमगढ़ -मऊ भाजपा से विधान परिषद पद के लिए प्रत्याशी बनाने के लिए भाजपा शीर्ष नेतृत्व का आभारी हूं। पिता के दूसरी पार्टी से राजनीति करने के सवाल पर अरुण कांत यादव ने कहा कि यह वैचारिक मामला है। रमाकांत यादव हमारे पिता हैं, मैं उनका पुत्र हूं। पिता की विचारधारा अलग है, हमारी विचारधारा अलग है।
गाजीपुर में भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर
विधान परिषद चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने गाजीपुर से विशाल सिंह चंचल को अपना प्रत्याशी घोषित किया है। उनके खिलाफ सपा के भोला नाथ शुक्ल मैदान में हैं। पिछली बार चंचल निर्दल मैदान में थे। इस बार भाजपा से प्रत्याशी बनाया गया है। गाजीपुर में विधानसभा चुनाव में सातों सीट पर सपा का कब्जा होने से चुनाव बहुत कांटे का हो गया है।
वहीं, पिछले साल हुए ब्लॉक प्रमुख और जिला पंचायत चुनाव में भाजपा का दबदबा रहा। जिससे यह चुनाव काफी दिलचस्प होने वाला है। क्योंकि पिछली बार की अपेक्षा इस बार के एमएलसी चुनाव में जिले का राजनीतिक और अन्य समीकरण काफी बदल गया है। ऐसे में 3132 वोटों में किस पार्टी के उम्मीदवार अधिक वोटों को जुटा पाते हैं। इसका कयास लगा पाना अभी काफी मुश्किल है।