आजमगढ़। विश्व परिवहन दिवस पर नेशनल बुक ट्रस्ट, पर्यावरण परिवहन विभाग द्वारा पुस्तक मेले में ‘सड़क सुरक्षा नारा नहीं जीवन जीने का तरीका है’ विषय पर पर गोष्ठी एवं कार्यशाला आयोजित हुई। शिब्ली कालेज में उपस्थित छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक किया गया।
दिल्ली के वरिष्ठ पत्रकार चंद्रभूषण ने कहा कि व्यक्ति का जीवन उसके माता-पिता तथा परिवार के लिए अनमोल है। सड़क पर वाहन चलाते हुए थोड़ी सी जल्दवाजी के कारण या तो हम दूसरे की जान लेते हैं या अपनी ही जान गंवा देते हैं। हमें अपने तथा अपनों के जीवन के महत्व को समझते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करना चाहिए। वरिष्ठ पत्रकार अभय मिश्रा ने कहा कि आज समकालीन समय में सड़क दुर्घटना सबसे ज्वलंत समस्या है। इसलिए हमें सड़क के नियमों को नियम न समझकर बल्कि व्यवहार में अंगीकृत करना होगा। तभी इस समस्या का समाधान संभव होगा। संभागीय परिवहन अधिकारी, प्रशासन सतेन्द्र यादव ने कहा कि जब हम सड़क के नियमों का पालन करेगें तो निश्चित ही इसके सकारात्मक परिणाम प्राप्त होंगें। लेखक राजीव रंजन ने कहा कि जब आज की युवा पीढ़ी सड़क पर बेहतर नागरिक होने का प्रमाण देगी तभी दुर्घटनाओं की आवृृत्ति में कमी आएगी। अध्यक्षता करते हुए शिब्ली संस्थान के अध्यक्ष मिर्जा महफूजुर्रहमान बेग ने कहा कि जागरूकता से यातायात शिक्षा को समाज के बड़े हिस्से तक पहुचाने का कार्य करना होगा। कालेज के प्राचार्य अली अफ़सर जाफ़री, सलमान अंसारी और शिब्ली इंटर कालेज के प्रधानाचार्य जैद नूरुल्लाह, अनिल राय मौजूद रहे।