जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों में दो युवकों समेत एक वृद्धा की मौत हो गई। पुलिस ने तीनों शवों को अंत्यपरीक्षण के लिए भेजवा दिया। शहर कोतवाली, रानी की सराय व सिधारी थाना क्षेत्रों में सड़क हादसे हुए।
पहली घटना शुक्रवार की रात दस बजे शहर कोतवाली के राजघाट के पास हुई। जीयनपुर कोतवाली के भुवना बुजुर्ग गांव निवासी देवेश राय 24 शुक्रवार को प्रदर्शनी देखने के लिए जिला मुख्यालय आया था। प्रदर्शनी देखने के बाद वह स्कूटी से अपने नानी के घर कंधरापुर थाना क्षेत्र के अनवरगंज जा रहा था। अभी वह राजघाट के पास पहुंचा था कि रोडवेज बस की चपेट में आकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक तीन बहनों का इकलौता भाई था। रानी की सराय थाना क्षेत्र के मझगांवा गांव निवासी सचिन 21 शनिवार को दिन में बाइक से गांव के पास से गुजरे हाईवे होकर घर जा रहा था। अभी वह गांव के पास ही पहुंचा था कि अज्ञात वाहन की चपेट में आ जाने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी क्रम में सिधारी थाना क्षेत्र के चंडेश्वर गांव निवासिनी श्यामदेयी राजभर 90 शुक्रवार की शाम इटौरा स्थित दुकान से घर जा रही थी। इसी दौरान अज्ञात वाहन की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल लाकर भर्ती कराए। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मृतक दो पुत्र व दो पुत्रियों की मां थी।