आजमगढ़ सिलिंडर हादसे में सास-बहू की मौत: झुलसे चार लोगों की हालत भी गंभीर, चाय बनाने के दौरान लगी थी आग
आजमगढ़ जिले के बहाउद्दीनपुर गांव में शनिवार सुबह सिलिंडर में आग लगने से छह लोग गंभीर रूप से झुलस गए थे। इनमें से दो महिलाओं ने उपचार के दौरान रविवार सुबह दम तोड़ दिया।
विस्तार
आजमगढ़ के बहाउद्दीनपुर गांव में शनिवार सुबह एक घर में गैस सिलिंडर में हुए रिसाव से लगी आग में झुलसी दो महिलाओं की उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं झुलसे दो मासूम समेत चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए जौनपुर के एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान रविवार सुबह तरन्नुम (30) पत्नी नौशाद और उसकी सास साफिया (62) पत्नी हनीफ ने दम तोड़ दिया। दोनों की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। बरदह थाना क्षेत्र के बहाउद्दीनपुर गांव निवासी हनीफ की बहू तरन्नुम (30) सुबह सोकर उठने के बाद रसोई में चाय बनाने को गई तब उसे गैस निकलने की बदबू आयी।
माचिस जलाते ही घर में लगी थी आग
उसके कहने पर पड़ोस की रहने वाली लाडली (35) व उसका भाई अब्दुल रहमान (22) भी वहां पहुंचे। सिलिंडर में रिसाव को खोजने के बाद अब्दुल रहमान ने पास रखी माचिस को जला दिया और माचिस जलते ही घर में भरी गैस ने आग पकड़ लिया। मौके पर मौजूद तरन्नुम, अब्दुल रहमान व लाडली आग की चपेट में आकर चीखने लगे।
चीखपुकार सुन कर परिवार की साफिया (65), इकरा (7) व जोया (10) भी मदद को आगे आए लेकिन वह भी आग की चपेट में आकर झुलस गए। आसपास के लोग धुंआ उठता देख और चीख पुकार सुन कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग पर काबू पाया।