आजमगढ़। जनपद के प्रभारी मंत्री सुरेेश राणा ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में मुख्यमंत्री की प्राथमिकता के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की ओर से स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को तीन करोड़ 51 लाख रुपये के फंड का चेक दिया।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि आजमगढ़ जनपद विकास की सारी योजनाओं में प्रथम व द्वितीय स्थान पर है। मुख्यमंत्री जी के प्राथमिकता की प्रमुख योजनाएं यहां तेजी से लागू की जा रही हैं। जो जनपद विकास की रेस में पीछे था, वह आज अलग अलग योजनाओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान पर है। जनपद में विश्वविद्यालय, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट और सड़कों का तेजी से निर्माण हो रहा है। मुख्यमंत्री आवास ग्रामीण एवं शहरी की समीक्षा में पीओ डूडा को निर्देश दिया कि सभी आवास पारदर्शिता के साथ पूरा कराएं। सभी नगर पंचायत व नगर पालिका क्षेत्रों में सड़क, नाली और खड़ंजोें का इस्टीमेट बनाकर शासन को प्रस्तुत करें ताकि समय से उनका निर्माण कराया जा सके। स्वच्छ भारत मिशन की समीक्षा में डीपीआरओ ने बताया कि जनपद में 5,36,190 शौचालय बने हैं। उन्होंने अंत्येष्टि स्थलों की साफ-सफाई कराने का निर्देश दिया। कन्या सुमंगला योजना की प्रगति पर शाबाशी दी। सड़कों के निर्माण में गुणवत्ता का ध्यान रखने और विद्युत विभाग को समय पर आपूर्ति व ट्रांसफार्मर ठीक करने के निर्देश दिए। उन्होंने एसपी को महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभियान चलाने का निर्देश दिया। सीएमओ को निर्देश दिया कि गोल्डेन कार्ड का वितरण सही ढंग से कराएं। ऐसी व्यवस्था करें कि सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर डाक्टर उपस्थित रहें। इस मौके पर पूर्वांचल विकास बोर्ड के उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, डीएम एनपी सिंह, एसपी त्रिवेणी सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष आजमगढ़ ध्रुव सिंह, बीजेपी जिलाध्यक्ष लालगंज ऋषिकांत राय, पूर्व सांसद लालगंज नीलम सोनकर, सीएमओ डा. एके मिश्रा, पीडी अभिमन्यु सिंह, डीडीओ रवि शंकर राय आदि उपस्थित रहे।