अतरौलिया। अतरौलिया बाजार में बजरंग दल विश्व हिंदू परिषद की ओर से महर्षि वाल्मीकि के जन्मोत्सव पर कार्यकर्ता त्रिशूल दीक्षा कार्यक्रम हुआ। कार्यकर्ताओं को शक्ति का प्रतीक त्रिशूल भेंट कर अधर्मियों को नष्ट करने का संकल्प दिलाया गया।
मुख्य अतिथि प्रांत सह संगठन मंत्री राजेश सिंह व विशिष्ट अतिथि अवध प्रांत के सत्संग प्रमुख श्याम बाबू की उपस्थिति में कार्यकर्ताओं को दीक्षा दी गई। राजेश सिंह ने कहा कि कोई भी मानव अपने कर्मों से सच्चाई के मार्ग पर चलकर अपने जीवन की आहुति देता है तब जाकर समाज उसे महापुरुष की उपाधि देता है। आज हमें यह तय करना पड़ेगा कि महापुरुषों की कोई जाति नहीं होती। विशिष्ट अतिथि श्याम बाबू ने कहा कि हमारे रगों में राम, शिव, राणा का रक्त बह रहा है और जरूरत पड़ने पर देश, धर्म, समाज के लिए अपने प्राणों की आहुति देने के लिए तैयार रहते हैं। इस मौके पर गौरव सिंह, विनय, पवन, अभिषेक, बृजेश, सचिंद्र नाथ, अंकित गांधी, भवर चौहान, नवीन आदि मौजूद रहे। संचालन जिला संयोजक वैभव चौरसिया ने किया।