आजमगढ़। श्री दुर्गा जी स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंडेश्वर में छात्रसंघ अध्यक्ष अभय यादव के नेतृत्व में 10 सूत्रीय मांगों को लेकर छात्रों ने बुधवार को धरना दिया। छात्रों ने प्राचार्य को मांगपत्र सौंपकर महाविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। छात्र संघ अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि महाविद्यालय में खेलकूद, पुस्तकालय आदि मदों में आए धन का कालेज प्रशासन ने बंदरबांट किया है। इसमें प्राचार्य और क्रीड़ा अधिकारी की संलिप्तता है। उन्होंने कहा कि बीते तीन साल में पुस्तकालय में लाखों का घोटाला हुआ है। तीन साल से महाविद्यालय की पत्रिका का प्रकाशन भी नहीं कराया गया है। प्रवेश के दौरान ही छात्रों से सभी शुल्क ले लिए जाते हैं लेकिन सुविधा नहीं दी जाती है। अध्यक्ष ने विभिन्न मदों में लिए गए शुल्क के अनुसार छात्रों को सुविधा उपलब्ध कराने, पुस्तकालय के जर्जर भवन का निर्माण कराए जाने सहित दस मांगों का निस्तारण की मांग की। धरने में छात्र संघ के उपाध्यक्ष विशाल यादव, महामंत्री दीपक यादव, गोलू यादव, विपुल यादव, पंकज यादव, मयंक यादव, प्रवीण कुमार चौहान, अजीत यादव, विकास यादव, अखिलेश, अजय गोंड, प्रदीप यादव आदि शामिल रहे।