सरायमीर। निजामाबाद थाना क्षेत्र के तोवां गांव के पास युवक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना पर निजामाबाद और सरायमीर थाने की पुलिस पहुंची। हत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। लेकिन, ग्रामीणों के अनुसार युवक के परिवार का गांव के कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा है। निजामाबाद थाना क्षेत्र के तोवा गांव निवासी राहुल यादव (24) शुक्रवार को सरायमीर बाजार गया था। खरीदारी के बाद वह गांव जा रहा था। शाम को पौने सात बजे जैसे ही वह गांव के पास स्थित कुंवर नदी पुल के पास पहुंचा, कुछ बदमाश आए और राहुल को गोली मारकर फरार हो गए। आवाज सुनकर आसपास लोग मौके पर पहुंचे। इसके बाद लोगों ने पुलिस के साथ एंबुलेंस को सूचना दी। लेकिन, जब तक एंबुलेंस पहुंचती युवक की मौत हो गई। सूचना पर एसपी सिटी शैलेंद्र लाल, कोतवाल फूलपुर अनिल सिंह, निजामाबाद थाना प्रभारी धीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव मय फोर्स मौके पर पहुंचे। उधर, परिवार के लोग भी सूचना पाकर मौके पर पहुंच गए। राहुल का शव देख परिवार के लोगों में चीख पुकार मच गई। परिवार के लोगों के अनुसार, गांव के ही कुछ लोगों से जमीन का विवाद चल रहा है। युवक बीए का छात्र था। वह दो भाई, एक बहन में सबसे बड़ा था। एसपी सिटी शैलेंद्र लाल ने बताया कि वारदात पुरानी रंजिश को लेकर हुई है। परिवार की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है।