फूलपुर। अभिनेत्री एवं समाजसेवी शबाना आजमी ने फतेह मंजिल स्थित बैठक हाॅल में रविवार को एसडीएम अशोक कुमार से मुलाकात की। प्रिंसिपल अंजना श्रीवास्तव ने शबाना आज़मी का बुके देकर स्वागत किया। इस दौरान मेजवां गांव के सर्वांगीण विकास और विशेषकर बालिकाओं की शिक्षा पर चर्चा हुई।
शबाना आज़मी ने एसडीएम से कहा कि गांव में नाली न होने के कारण गंदा पानी खेतों में भर जाता है, जिससे संक्रामक रोग फैलने का खतरा है। इस पर एसडीएम ने समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। शबाना आजमी ने कैफी आजमी द्वारा मेजवां गांव में स्थापित संस्थानों-कैफी आज़मी गर्ल्स कॉलेज, चिकनकारी सेंटर और कंप्यूटर सेंटर का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे ग्रामीण विकास और शिक्षा में योगदान हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्कूली बच्चों को इन संस्थानों का भ्रमण कराया जाए, ताकि उनका बौद्धिक और सामाजिक विकास हो सके। उन्होंने बालिकाओं के लिए रामानंद सरस्वती पुस्तकालय, जोकहरा के भ्रमण पर भी जोर दिया। और कहा कि इससे छात्राओं तक नवीनतम जानकारियां पहुंचेगी। इस अवसर पर अंजना श्रीवास्तव, नम्रता गोयल, गुरजीत कौर, अंशुमान जायसवाल, प्रतीक जायसवाल, मनोज यादव, गोपाल, आशीष पांडेय आदि मौजूद रहे।