आजमगढ़। शासन की ओर से 14वें वित्त की द्वितीय किस्त के तहत निकायों को करोड़ों की धनराशि जारी की गई है। इसमें आजमगढ़ पालिका को साढ़े तीन करोड़, मुबारकपुर को तीन करोड़ और नगर पंचायतों को भी धनराशि जारी की गई है। इस धनराशि से सभी निकाय विकास कार्यों के प्रस्ताव जिलाधिकारी को पेश करेंगे। मंजूरी मिलने के बाद विकास कराए जाएंगे।
निकायों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए शासन की ओर से 14वें वित्त के तहत धनराशि जारी की जाती है। वित्तीय वर्ष में अवस्थापना सुविधाओं के लिए सभी निकायों को दूसरी किस्त जारी कर दी गई है। इसमें आजमगढ़ पालिका को 3.62 करोड़ और मुबारकपुर पालिका को 2.91 करोड़ की धनराशि जारी की गई है। नगर पंचायतों में अजमतगढ़ को 47.54 लाख, अतरौलिया को 33.13 लाख, बिलरियागंज को 48.65 लाख, जीयनपुर को 53.49 लाख, कटघर लालगंज को 54.86 लाख, महाराजगंज को 38.36 लाख, मेंहनगर को 58.03 लाख, निजामाबाद को 45.41 लाख, फूलपुर को 41.21 लाख, सरायमीर के लिए 69.72 लाख और माहुल के लिए 31.70 लाख की धनराशि जारी की गई है। 14वें वित्त के तहत जारी इस धनराशि के साथ ही राज्य वित्त की बची धनराशि और अन्य मद से विभिन्न निकायों में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार कर डीएम के समक्ष पेश किया जाएगा। डीएम की मुहर लगने के बाद विकास कार्य कराए जाएंगे।