सरेराह वारदात: आजमगढ़ में युवक को गोली मार कर एक लाख की लूट, बहन के घर से लौट रहा था
आजमगढ़ जिले के जियासड़ गांव पास मुख्य सड़क पर शनिवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने सरेराह एक युवक को गोली मार दी। एक लाख रुपये नकद व मोबाइल छीन कर मौके से फरार हो गए।
विस्तार
यूपी के आजमगढ़ में बेलगाम बदमाशों ने शनिवार सुबह एक बार फिर सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। मेंहनगर थाना क्षेत्र के जियासड़ गांव के पास सरेराह बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को गोली मार कर एक लाख नकद व मोबाइल लूट लिए। घटना की जानकारी होते ही क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा।
कटाई गांव निवासी हरेंद्र पासवान (35) शनिवार सुबह बछवल स्थित बहन के घर से अपने गांव लौट रहा था। अभी वह सिंहपुर-मेंहनगर मार्ग पर ही पहुंचा था कि जियासड़ गांव के पास बाइक सवार बदमाशों ने उसे रोका और गोली मार दी। इसके बाद बदमाश उसके पास से एक लाख रुपये नकद व मोबाइल छीन कर मौके से फरार हो गए।
राहगीरों की सूचना पर मेंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे तत्काल सीएचसी मेंहनगर भेजा जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की कवायद में जुटी हुई है।
भतीजे की हत्या करने आया चाचा गिरफ्तार
गंभीरपुर पुलिस ने शुक्रवार को जमीन विवाद के चलते भतीजे की हत्या करने आए कलियुगी चाचा को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार कर लिया। गंभीरपुर क्षेत्र के कटघर ग्राम निवासी संतोष कुमार पुत्र मंगरु राम मोबाइल फोन के जरिए पुलिस को सूचना दी कि जमीनी रंजिश के चलते उसकी जान के दुश्मन बने चाचा हत्या के इरादे से असलहे के साथ घर आए हुए हैं।
सूचना पाकर पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां मौजूद असलहाधारी व्यक्ति भागने लगा, जिसे दौड़ा कर पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से 303 बोर का तमंचा व चारकारतूस बरामद किया है।