आजमगढ़। डीएम व जिला निर्वाचन अधिकारी विशाल भारद्वाज ने जनपद में अवस्थित समस्त राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों, निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों को सूचित किया है कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जनपद में मतदान 23 जून को होगा। आयोग के निर्देशानुसार मतदान समाप्त होने के दो दिन पहले अर्थात 21 जून को शाम छह बजे के बाद प्रचार अभियान समाप्त हो जाएगा। जिसके क्रम में आयोग द्वारा निर्देशित किया गया है कि प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद सभी राजनैतिक दलों के स्टार प्रचारक, राजनैतिक पदाधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ता जो निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता नहीं है, निर्वाचन क्षेत्र में उपस्थित नहीं रह सकते हैं। उन्होंने स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्वक मतदान संपन्न कराने के लिए जनपद के सभी राजनैतिक दलों, निर्वाचन लड़ने वाले उम्मीदवारों से अपेक्षा किया है कि उनके समर्थन में स्टार प्रचारक, पार्टी पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता जो भी जनपद की विधान सभा निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता नहीं है, को निर्वाचन क्षेत्र से बाहर जाने के लिए अवगत करा दिया जाए। जिसके मद्देनजर बुधवार को शाम छह बजे के बाद जनपद के समस्त गेस्ट हाउस, लॉज, कल्याण मंडपम, कम्युनिटी हाल आदि में सघन अभियान चला कर ऐसे लोगों की उपस्थिति की सघन जॉच करायी जाएगी तथा उन्हें निर्वाचन क्षेत्र से बाहर कराया जाएगा।