अजीत हत्याकांड के मुख्य आरोपी कुंटू की लाखों की एक और संपत्ति जब्त, निर्माण गिराने पहुंची टीम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अजीत हत्याकांड के बाद प्रदेश की टॉप-10 सूची में शामिल और वारदात के मुख्य आरोपी कुख्यात ध्रुव सिंह कुंटू पर हो रही कार्रवाई तेज हो गई है। एसपी की रिपोर्ट पर डीएम ने आजमगढ़-वाराणसी मार्ग स्थित नीबी में कुंटू की पत्नी वंदना सिंह के नाम खरीदी गई 55.54 लाख की संपत्ति को जब्त करने का आदेश जारी किया है। संपत्ति जब्त करने के बाद इस पर हुए आंशिक निर्माण को गिराने के लिए सदर तहसील की टीम पहुंचनी शुरू हो गई है। जल्द ही संपत्ति को गिराने की कार्रवाई की जाएगी।
टॉप-10 माफियाओं पर नकेल कसने के लिए प्रदेश सरकार के निर्देश पर गैंगेस्टर एक्ट के तहत गैर कानूनी तरीके से एकत्र की गई उनकी संपत्तियों को जब्त करने की कार्रवाई जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से कोरोना काल से पहले शुरू की गई थी। ये कार्रवाइयां धीरे-धीरे चल रही थीं।
इसी बीच, लखनऊ में पूर्व विधायक सीपू हत्याकांड के प्रमुख गवाह अजीत सिंह की हत्या कर दी गई। हत्याकांड में कुख्यात ध्रुव सिंह कुंटू, अखंड प्रताप सिंह और गिरधारी विश्वकर्मा का नाम आने के बाद पुलिस-प्रशासन की ओर से इन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया गया है। सीपू हत्याकांड के मुख्य आरोपी ध्रुव सिंह कुंटू और वाराणसी के ट्रांसपोर्टर की हत्या के मामले में अखंड प्रताप सिंह पहले ही आजमगढ़ जेल में कैद हैं।
गुरुवार को पुलिस-प्रशासन की टीम ने जीयनपुर स्थित कुंटू सिंह के मकान के ध्वस्तीकरण का कार्रवाई की थी। जीयनपुर नगर पंचायत में आजमगढ़-गोरखपुर मार्ग के पूरब पटरी पर कुंटू सिंह की पत्नी के नाम 52 लाख से ज्यादा के 117 वर्ग मीटर में बने तीन मंजिला मकान को पुलिस ने गैंगेस्टर एक्ट में पहले ही जब्त किया था। नक्शे के विपरीत निर्माण होने पर इसे क्षतिग्रस्त कर दिया गया था।
कुख्यात कुंटू सिंह की एक संपत्ति नीबी में सीज की गई है। इस पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की जानी है। तहसीलदार के नेतृत्व में टीम पहुंच गई है। जल्द ही कार्रवाई शुरू की जाएगी।
राजेश तिवारी, सीओ सिटी
कुख्यात कुंटू सिंह की गैंगेस्टर एक्ट में एक और संपत्ति नीबी में जिलाधिकारी राजेश कुमार ने सीज की है। पुलिस की ओर से कुंटू और उसके सहयोगियों की अन्य संपत्ति भी चिह्नित की जा रही है।माफियाओं पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।
नरेंद्र सिंह, एडीएम प्रशासन