अंबारी। फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के भाटिनपारा गांव में 23 अगस्त की शाम पानी की टंकी के पास से लापता हुए तीन बच्चों का पांच दिन बाद भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर चुकी है, लेकिन अब तक हाथ खाली हैं। शनिवार शाम करीब छह बजे पवन (14) पुत्र हरिराम, आलिया (6) पुत्र दिलावर निवासी भाटिनपारा रानी का सागर दलित बस्ती और योगेंद्र (12) पुत्र धर्मेंद्र निवासी रमनीपुर थाना तहबरपुर अपने गांव में बनी पानी की टंकी के पास खेलने गए थे। देर रात तक घर न लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने बच्चों की तलाश शुरू कर दी। योगेंद्र हाल ही में अपनी मौसी के घर आया था।
ग्रामीणों के अनुसार जिस शाम बच्चे लापता हुए, उसी समय गांव में पिकअप और बाइक से दो अज्ञात लोग भी देखे गए थे, जिनके जाने के बाद से ही बच्चे गायब हैं। बच्चों के साथ उनकी साइकिल भी लापता है। गांव में अफवाहों का दौर जारी है। किसी भी खबर पर युवा, बुजुर्ग और महिलाएं खोज के लिए दौड़ पड़ते हैं, लेकिन हर बार निराशा ही हाथ लगती है। पहले दिन ग्रामीणों ने नहर में फाटक लगाकर तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। फूलपुर कोतवाली सच्चिदानंद यादव ने बताया कि बच्चों की तलाश के लिए तीन टीमों का गठन किया गया है। मंगलवार को नहर बंद कराकर तलाश किया गया था। जहां-जहां सूचना मिल रही है वहां वहां टीमें भी पहुंच रही हैं।