आजमगढ़ः पुलिस मुठभेड़ में अंतरराज्यीय कुख्यात अपराधी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, साथी फरार
पकड़े गए अपराधी पर गुजरात राज्य में हत्या और लूट के कई मामले दर्ज हैं। उसके पास से 39 हजार रुपये कैश के अलावा अवैध पिस्टल भी बरामद हुआ। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
24 घंटे के अंदर ही आजमगढ़ पुलिस के हाथ एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। बृहस्पतिवार तड़के सिधारी थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में अंतरराज्यीय कुख्यात अपराधी पुलिस की गोली से घायल हो गया। हालांकि उसका साथी मौके से भाग निकलने में सफल रहा। पकड़े गए अपराधी पर गुजरात राज्य में हत्या और लूट के कई मामले दर्ज हैं। उसके पास से 39 हजार रुपये कैश के अलावा अवैध पिस्टल भी बरामद हुआ।
एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि सिधारी, जहानागंज व रानी की सराय थाने की पुलिस बृहस्पतिवार तड़के मुखबिर की सूचना पर इटौर मोड़ तिराहे पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान गुजरात प्रांत का एक कुख्यात अपराधी अपने एक साथी के साथ जहानागंज की तरफ से आता दिखा। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो वह चक्रपानपुर जाने वाले रास्ते की ओर भागने लगा।
वहीं पीछे बैठे बदमाश ने पुलिस टीम पर लक्ष्य कर फायर कर दिया। खुद का बचाव करते हुए पुलिस टीम उनका पीछा करने लगी। वहीं चक्रपानपुर चौकी प्रभारी को सामने से घेरने को कह दिया गया। दोनों तरफ से घिरने के बाद बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली एक बदमाश के पैर में लगी।
घायल होने के बाद वह गिर गया जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाते हुए भाग निकला। पुलिस की गिरफ्त में आए बदमाश की पहचान भावेस उर्फ राजा पुत्र जयंती भाई सोलंकी निवासी साफी मोहम्मली चाल अमराई बाड़ी अहमदाबाद गुजरात के रुप में हुई। उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
एसपी ने बताया कि भावेस पर गुजरात में हत्या व लूट के कई मुकदमे दर्ज हैं। फरार साथी का नाम उसने कमर हसन उर्फ नेता उर्फ रसीद उर्फ अफसर पुत्र जफर निवासी परसहा थाना निजामाबाद बताया। बता दें कि बुधवार रात बिलरियागंज थाना क्षेत्र के मोलनापुर पुलिया पास पुलिस मठभेड़ में 25 हजार का इनामी बदमाश पकड़ा गया था।