तरवां। चौरी बेलहा महाविद्यालय में चल रहे चंद्रदीप सिंह स्मारक अखिल भारतीय इनामी हॉकी प्रतियोगिता के तीसरे दिन के खेल का शुभारंभ मुख्य अतिथि उद्योगपति केडी सिंह ने किया। शनिवार को कुल सात मुकाबले खेले गए। हरियाणा, वाराणसी, गाजीपुर, रांची और आजमगढ़ की टीमों जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया।
शनिवार को पहला मैच डीएचए आजमगढ़ और हरियाणा के बीच खेला गया। दूसरे हाफ में दोनों टीमें दो-दो गोल से बराबरी पर थीं, लेकिन खेल के अंत में हरियाणा की टीम ने और दो गोल कर अपनी टीम को 4-2 से बढ़त दिला दी। दूसरा मैच मुजफ्फरपुर और मालवीय क्लब वाराणसी के बीच खेला गया। मालवीय क्लब की तरफ से 13वें और 22वें मिनट में दो गोल किए गए। मुजफ्फरपुर की टीम ने भी दो गोल कर बराबरी कर ली। आखिरी क्षणों में पेनाल्टी कार्नर पर वाराणसी ने एक और गोल कर 3-2 से विजयी हुई। तीसरा मैच लालपुर स्टेडियम वाराणसी और अठगांवा गाजीपुर के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में गाजीपुर की टीम 3-0 से विजयी रही। चौथा मुकाबला चंद्रदीप एकेडमी तरवां और शाहजहांपुर के बीच खेला गया। खेल के प्रारंभ में ही तरवां की टीम ने एक गोल से बढ़त बना ली। शाहजहांपुर की टीम ने भी गोल कर बराबरी कर ली। अंतिम समय में तरवां ने ने एक गोल कर जीत दर्ज की। पांचवां मैच यूपी कॉलेज वाराणसी और स्पोर्ट्स हॉस्टल सैफई के बीच हुआ। यूपी कॉलेज वाराणसी 1-0 से विजयी रही। छठा मैच उत्तर रेलवे वाराणसी और एक्सीलेंस क्लब हरियाणा के बीच खेला गया। रेलवे वाराणसी की टीम ने एक-एक कर चार गोल किए। जवाब में हरियाणा की टीम कोई गोल नहीं कर सकी। सातवां और आखिरी मैच मेकन रांची औरएफसीआई गोरखपुर के बीच खेला। रांची ने 5-0 से जीत दर्ज की। इस मौके पर केडी सिंह ने कहा किए प्रतियोगिता एक ऐसे व्यक्ति के नाम पर आयोजित की जा रही है जिन्होंने स्वतंत्रता संग्राम में महती भूमिका निभाने के बाद शिक्षा व खेल के माध्यम से राष्ट्र निर्माण का कार्य प्रारंभ किया। अगले वर्ष इस प्रतियोगिता पर होने वाला संपूर्ण खर्च कंपनी की ओर से वहन किया जाएगा। आयोजन सचिव प्रभाकर सिंह और खेल सचिव रामानंद राजभर ने आभार व्यक्त किया।