आजमगढ़: रात में घर से गायब हुई युवती का तालाब में मिला शव, शरीर पर चोट के निशान
परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया और थाने में तहरीर दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच में जुट गई है। साथ ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आजमगढ़ जिले के बरदह थाना क्षेत्र के भदकानपुरवा असवनिया गांव निवासी एक युवती मंगलवार की रात घर से गायब हो गई थी। सुबह गांव स्थित पोखरे में उसका शव मिला। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस पड़ोस के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की कवायद में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, असवनिया भदकानपुरवा गांव निवासी उदयभान गौतम परिवार के साथ हरियाणा प्रांत में रहते हैं। वहां वह अपना मोटर गैरज चलाते हैं। घर पर उदयभान के पिता, भाई के अलावा छोटा पुत्र रहता है। उदयभान की पुत्री पूजा(18) बड़गहन स्थित पीजी कॉलेज से स्नातक फाइनल ईयर की छात्रा थी। परीक्षा देने के लिए बीते पांच जुलाई को ही वह हरियाणा से घर आई थी।
मंगलवार की रात आठ बजे उसने अपनी चाची को मोबाइल दिया और खेत पर जाने की बात कही। एक घंटे से ज्यादा समय होने पर भी जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। पूरी रात खोजने के बाद भी वह नहीं मिली। सुबह पड़ोस के लोग शौच के लिए गांव स्थित पोखरे की तरफ गए तो एक शव उतराया हुआ देखा।
पड़ोसियों की सूचना पर पूजा के परिजन भी मौके पर पहुंच गए और शव की शिनाख्त पूजा के रूप में की। इसके बाद परिजन शव पोखरी से निकाल कर घर लेकर चले आए। शव पर चोट के निशान देख कर परिजनों ने हत्या की आशंका जताई और सूचना पुलिस को दिया।
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पीएम के लिए भेज दिया। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को तहरीर भी दी है। तहरीर के आधार पर पुलिस मुकदमा पंजीकृत करने के साथ ही गांव के ही दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। इन दोनों लोगों से मोबाइल से कई बार पूजा के मोबाइल पर कॉल गया हुआ था।
बरदह थाना के प्रभारी निरीक्षक विनय कुमार मिश्रा ने बताया कि पोखरे से युवती का शव बरामद हुआ है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी है। जिसके आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।