जिलाधिकारी विशाल भारद्वाज ने सोमवार की सुबह नगर पालिका क्षेत्र के मोहल्ला सीताराम निषाद बस्ती, दलाल घाट मस्जिद, मोहल्ला रशाद नगर, ठंडी सड़क, चर्च चैराहा एवं ग्रामीण क्षेत्रों कोल बाजबहादुर , अजमतगढ़ कोडर, लछिरामपुर व भंवरनाथ का निरीक्षण किया। इस दौरान गंदगी मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और साफ सफाई कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मोहल्ला रशाद नगर में मदरसा जमतुर्रसाद के पास नाला पर अतिक्रमण व नाले की सफाई सही ढंग से न पाए जाने पर सफाई निरीक्षक को निर्देश दिए कि नाले पर किए गए अतिक्रमण को हटाएं और नाले की जेसीबी लगाकर सफाई कराएं। बाढ़ खंड द्वारा नाले पर निर्धारित साइज का रेग्यूलेटर लगाने का एडीएम वित्त एवं राजस्व को निर्देश दिया। अजमतपुर कोडर में निरीक्षण के दौरान बाईपास के किनारे कूड़े एवं अस्पतालों द्वारा गिराए गए मेडिकल वेस्ट पाए गए, जिस पर डीएम ने उनहें हटवाने को कहा। लछिरामपुर में दो जगह कूड़े के लगे ढेर देख कर वह नाराज हुए और उसे तुरंत साफ कराने को कहा। डीएम ने भवंरनाथ चैराहे का भी निरीक्षण किया। उन्होने एसडीएम सदर को निर्देश दिए कि भंवरनाथ मंदिर की साफ-सफाई की व्यवस्था हमेशा होती रहे, सीसीटीवी की माॅनिटरिंग बराबर कराते रहें। डीएम ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका एवं डीपीआरओ को निर्देश दिए कि नगर पालिका व ग्रामीण क्षेत्रों में बराबर साफ-सफाई कराते रहें एवं इसकी स्वयं माॅनिटरिंग भी करते रहें। इस दौरान अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व आजाद भगत सिंह, एसडीएस सदर ज्ञानचन्द गुप्ता, जिला पंचायत राज अधिकारी श्रीकांत दर्वे, सफाई निरीक्षक केके यादव उपस्थित रहे।