आजमगढ़। मेहनाजपुर थाने की पुलिस बुधवार की शाम मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर तियरा मोड़ से सात अंतरजनपदीय चोरों को गिरफ्तार किया। इनके पास से तीन लाख रुपये नगद, एक कार और डीसीएम गाड़ी बरामद हुई। पूछताछ के दौरान चोरों ने बताया कि इनकी बिजली तार आदि चुरा कर बेचती हैै। पुलिस गिरफ्तार चोरों का चालान कर गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है। एसपी सिटी कमलेश बहादुर के मुताबिक गिरफ्तार किए गए लोगों में कानपुर नौबस्ता के राजीव विहार कॉलोनी निवासी आमिल अली, इसी जिले के चकेरी थाने के कोयला नगर निवासी अमन जायसवाल, महराजगंज जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के मऊपाकड़ मुहल्ला निवासी प्रदीप जायसवाल उर्फ मचरू, मुरादाबाद जिले के मुंडा पांडेय थाने के बूजपुर आशा गांव निवासी नासिर उर्फ चटनी उर्फ बबलू, फर्रुखाबाद जिले के कंपिल थाने के सिरसा गांव निवासी अभिराज सिंह, अशोक यादव और फैजाबाद जिले के महराजगंज थाने के खजुरावर गांव निवासी राजित राम वर्मा हैं। एसपी सिटी ने बताया कि मेहनाजपुर थाने के चाकिडीह गांव निवासी गगन वर्मा ने 22 जनवरी को थाने में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें मुरादाबाद जिले के मुंडापांडेय थाने के गोविंदपुर खुर्द गांव निवासी आशिफ पुत्र नन्हें सहित अन्य को आरोपित किया। गगन का आरोप था कि मेहनाजपुर थाने के कोसड़ा गांव में राजीव गांधी विद्युतीकरण योजना के तहत बिजली का तार खिंचने का काम चल रहा। सात जनवरी की रात आरोपी पांच ड्रम तार डीसीएम पर लादकर उठा ले गए। घटना की रिपोर्ट दर्ज कर प्रभारी निरीक्षक महराजगंज कुमुद शेखर सिंह जांच पड़ताल में जुट गए। इस दौरान आरोपियों के नाम और पते की जानकारी हुई। पुलिस इनकी तलाश में जुटी हुई थी कि छह फरवरी की शाम को मुखबिर के जरिए सूचना मिलने पर इन्हें तियरा मोड़ से घेराबंदीकर गिरफ्तार कर लिया गया। तलाशी के दौरान इनके पास से तीन लाख दो सौ रुपये, एक कार, डीसीएम और तार लपटने वाला खाली ड्रम बरामद हुआ। एसपी सिटी के मुताबिक यह सभी पेशेवर चोर हैं। इनके निशाने पर विद्युत विभाग के उपकरण और सामान रहते हैं। पूछताछ के दौरान गिरोह के कुछ और सदस्यों के नाम और पते की जानकारी हुई है। जिनकी तलाश की जा रही।