आजमगढ़। रेलवे गोरखपुर अनुभाग की क्षेत्राधिकारी रचना मिश्रा ने शनिवार को जीआरपी थाने का निरीक्षण किया। लगभग तीन घंटे के निरीक्षण में उन्होंने बारीकी से थाने की सभी व्यवस्थाओं को देखा। साफ-सफाई व अभिलेखों के रखरखाव की व्यवस्था पर उन्होंने संतोष जताया। उन्होंने लंबित मामलों के निस्तारण के लिए थानाध्यक्ष को निर्देश दिए। साथ ही स्टेशनों पर चौकसी बरतने के निर्देश दिए।
रेलवे गोरखपुर अनुभाग की सीओ रचना मिश्रा बाईरोड दोपहर करीब एक बजे जीआरपी थाने में पहुंची। इस दौरान सीओ ने गार्ड की सलामी ली। उन्होंने शस्त्रागार, कारागार, कार्यालय, सीसीटीवी कैमरा, मेस बैरक और परिसर का निरीक्षण किया। साथ ही थाने में रक्षा अभिलेखों की गहनता से जांच की। उन्होंने थाने के भवन को जर्जर होने को लेकर चिंता जताई। इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने सभी जवानों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि महिला हेल्प डेस्क पर तैनात महिला सिपाही काउंटर पर आने वाली सभी महिला यात्रियों की मदद करें। महिला यात्रियों को डायल 112, 1090, व 108 के बारे में विस्तार से जानकारी देने का कहा। इस दौरान जीआरपी प्रभारी मो. राशिद खांन, उपनिरीक्षक शिवकुमार यादव, दीवान रामाश्रय यादव, अशोक यादव, दिनेश कुमार, धीरज गोंड, परमात्मा यादव, मु. कुरेश, विनोद यादव व राम नवल भारती आदि उपस्थित थे।