आजमगढ़। जिले में मतदाता सूची के शुद्धीकरण को लेकर चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया पर समाजवादी पार्टी ने बड़ा सवाल खड़ा किया है। सपा ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता बीएलओ को डरा-धमकाकर समाजवादी पार्टी का वोट कटवा रहे हैं। उनकी पार्टी के बीएलए को फार्म-6 कम दिया जा रहा है। सोमवार को सपा विधायक, जिलाध्यक्ष सहित कार्यकर्ताओं ने जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर आवश्यक कार्यवाही की मांग की है।
जिला निर्वाचन अधिकारी को सौंपे पत्र में कहा गया है कि एसआईआर प्रक्रिया के दौरान भाजपा नेताओं के प्रभाव में उनके सहयोगी बीएलओ को डरा-धमकाकर सादे फार्म-7 पर हस्ताक्षर बनवाकर मनमाने ढंग से सपा समर्थक वोट को कटवाने का प्रयास किया जा रहा है। पूरे जिले में जगह-जगह बीएलओ व भाजपा नेता नियम विरुद्ध कार्य करने में लगे हैं। इससे कार्यकर्ताओं में काफी आक्रोश है, कहीं अप्रिय घटनाएं भी हो सकती हैं। साथ ही बताया है कि सपा के बीएलए को फार्म-6 कम दिया जा रहा है, जबकि भाजपा के बीएलए को बड़ी मात्रा में फार्म उपलब्ध कराया जा रहा है। भाजपा नेता बीएलओ को डरा-धमकाकर फार्म ले रहे हैं। बताया है कि बीएलओ सरकारी कर्मचारी है, जिसको भाजपा नेता व कार्यकर्ता डराकर वोट बढ़ाने व काटने का काम करा रहे हैं। चेतावनी दी कि ऐसी मनमानी नहीं चलेगी। अगर इस पर तत्काल लगाम नहीं लगाई गई तो सपा नेता व कार्यकर्ता सड़क पर उतरने का काम करेंगे। इस दौरान जिलाध्यक्ष हवलदार यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, पूर्व मंत्री व विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक नफीस अहमद, विधायक अखिलेश यादव, विधायक पूजा सरोज, अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव, यूथ ब्रिगेड के जिला अध्यक्ष जोरार खान आदि उपस्थित रहे।