वीडियो वायरल: चालक-परिचालक के वर्दी न पहनने पर आजमगढ़ रोडवेज डिपो के एसएम ने लगाई पेनाल्टी, अपशब्द कहने का आरोप
चारबाग डिपो की एक बस मंगलवार को आजमगढ़ रोडवेज पहुंची। वापसी का नंबर लगाने के लिए चालक, परिचालक मोहित राम स्टेशन मास्टर बीके सिंह के पास पहुंचे। दोनों वर्दी में नहीं थे। इस पर एसएम/प्रभारी आरएम ने 200 रुपये की पेनाल्टी लगा दी।
विस्तार
चारबाग डिपो की बस के चालक और परिचालक के वर्दी में न होने पर मंगलवार को आजमगढ़ रोडवेज डिपो के प्रभारी आरएम/एसएम ने 200 रुपये पेनाल्टी लगा दी। आरोप है कि उन्होंने दोनों को अपशब्द भी कहे। इसका वीडियो बनाने पर परिचालक का मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। इसका वीडियो वायरल हो रहा है।
आरएम के छुट्टी पर होने से स्टेशन मास्टर (एसएम) के पास आरएम का भी चार्ज है। चारबाग डिपो की एक बस मंगलवार को आजमगढ़ रोडवेज पहुंची। वापसी का नंबर लगाने के लिए चालक, परिचालक मोहित राम स्टेशन मास्टर बीके सिंह के पास पहुंचे। दोनों वर्दी में नहीं थे। इस पर एसएम/प्रभारी आरएम ने 200 रुपये की पेनाल्टी लगा दी और चालक परिचालक को उल्टी-सीधी बात कहने लगे।
वहां मौजूद परिचालक मोहित राम ने अपनी मोबाइल से वीडियो बनाने लगा। इस पर आरएम का प्रभार देख रहे एसएम उस पर भड़क उठे और अपशब्द कहते हुए मोबाइल छीनने का प्रयास किया। परिचालक मोहित राम ने बताया कि आए दिन एसएम द्वारा दुर्व्यवहार किया जाता है। नंबर लगाने के लिए पैसों की मांग भी की जाती है। जिसके चलते ही मैने वीडियो बनाना शुरू किया तो वे मुझे गालियां देने लगे।
वहीं इस बाबत जब एसएम बीके सिंह से बता की गई तो उन्होंने कहा कि चालक व परिचालक वर्दी में नहीं थे, जिसके लिए डांट-फटकार लगा रहा था। इसी दौरान परिचालक ने वीडियो बनाना शुरू किया तो मैने मोबाइल छीन लिया। किसी प्रकार की गाली-गलौज नहीं हुई है। नंबर के लिए रुपये मांगने का आरोप बेबुनियाद है। मामले में आरएम अतुल त्रिपाठी ने कहा कि वीडियो और शिकायत सामने आएगी तो सत्यता की जांच कराई जाएगी।