Azamgarh Bypolls Result: जीत के बाद निरहुआ बोले- मुझे बाहरी बताने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया
निरहुआ ने आगे कहा कि आजमगढ़ की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। जिले के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास जाएंगे। एक प्रश्न के जवाब में कहा कि निश्चित तौर अब उनका निवास आजमगढ़ में होगा।
विस्तार
सांसद दिनेशलाल यादव निरहुआ ने जीत का प्रमाण-पत्र पाने के बाद कहा कि आजमगढ़ लोकसभा सीट के उपचुनाव में विकास की उम्मीद में कमल खिला है। मुझे बाहरी बताने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। पीएम और सीएम के नेतृत्व वाली डबल इंजन की सरकार की योजनाओं का लाभ यहां के लोगों को भी मिले, इसके लिए जनता ने कमल के निशान पर उन्हें सांसद बनाया है।
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि आजमगढ़ के लिए जो लोग मुझे बाहरी कहते हैं, उन्हें बताना चाहते हैं कि यहां उनका बचपन बीता है। उनकी मौसी, बुआ व बहन आजमगढ़ में हैं। ऐसे में वह बाहरी कैसे हैं? जिन लोगों ने बाहरी कहा, उनको यहां की जनता ने जवाब दिया है। अब यहां के सांसद हो गए हैं और यहीं के हो कर रहेंगे।
अब आजमगढ़ ही होगा घर
उन्होंने आगे कहा कि आजमगढ़ की जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करूंगा। जिले के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पास जाएंगे और जो बन पड़ेगा करेंगे। एक प्रश्न के जवाब में कहा कि निश्चित तौर अब उनका निवास आजमगढ़ में होगा। नवनिर्वाचित सांसद ने कहा कि सपा के लोग कहते थे कि यहां नचनियों की जरूरत नहीं है। यहां की जनता ने इसी नचनिया को सांसद चुनकर उनको जवाब दिया है।
निरहुआ, गुड्डू और धर्मेंद्र को छोड़ सबकी जमानत जब्त
उपचुनाव में तीन प्रत्याशियों को छोड़कर शेष प्रत्याशी अपनी जमानत नहीं बचा सके। सपा, बसपा और भाजपा प्रत्याशियों को छोड़कर अन्य प्रत्याशियों को जमानत बचाने के लिए कुल मतदान का छठवां हिस्सा भी नहीं मिल सका। चुनाव में कुल 13 प्रत्याशी मैदान में थे।
प्रत्याशियों के मिले मतों का विवरण
प्रत्याशी मिले मत
दिनेश लाल यादव 312768
धर्मेंद्र यादव 304089
शाह आलम 266210
अमरावती 1743
जयनाथ चौहान 1952
धीरज श्रीवास्तव 2935
रविंद्रनाथ शर्मा 2597
सरवर अली 1519
अंबरीष कुमार विजयता 1515
पंकज कुमार यादव 1249
रमाकांत यादव 2535
राजीव तलवार 2549
वीरेंद्र कुमार निषाद 2377