आजमगढ़: चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाला गिरफ्तार
भाजपा जिला उपाध्यक्ष की तहरीर पर निजामाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुक्रवार को आरोपी को सीही पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया।
विस्तार
विधान सभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के प्रति आपत्तिजनक टिप्पणी करने और इसका वीडियो वायरल करने के आरोपी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष शेर बहादुर सिंह निवासी नदौली, आजमगढ़ ने पुलिस को तहरीर दी थी।
जिसमें बताया कि एक राजनीतिक दल के चुनाव प्रचार के दौरान अजय यादव निवासी असगड़ा मुस्तफाबाद ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ अभद्र टिप्पणी की है। उसका वीडियो भी वायरल हो रहा है। तहरीर के आधार पर निजामाबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। शुक्रवार को आरोपी को सीही पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ टिप्पणी पर मुकदमा
मऊ में मुहम्मदाबाद गोहना विधानसभा की भाजपा प्रत्याशी, प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री पर अभद्र टिप्पणी करने और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में सपा कार्यकर्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है।
हाफिजपुर गांव निवासी त्रिभुवन ने मुहम्मदबाद गोहना कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 10 मार्च को चिरैयाकोट थाना क्षेत्र के नेवादा गांव निवासी झिनक यादव ने प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, और भाजपा प्रत्याशी पर अभद्र टिप्पणी की और इसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
इससे इन सभी की प्रतिष्ठा को ठेस लगी है। पुलिस ने आरोपी पर जान से मारने की धमकी देने, आचार संहिता का उल्लंघन करने के साथ हरिजन उत्पीड़न की धारा में केस किया है।