करबला के शहीद इमाम हुसैन की शहादत का महीना मोहर्रम शुरू होते ही कस्बे और ग्रामीण क्षेत्रों में मजलिस, नौहा, मातम का दौर शुरू हो गया।इमामबाड़ों में मजलिस के लिए जाकिर पहुंच गए हैं। जो मजलिसों में शहीदाने कर्बला पर बयान करेंगे। मुहर्रम के इस्तक़बाल में इमामबाड़ों व अज़खानों को अलम, ताबूत कुरआनी आयात व अक़वाले मासूमीन के ताज़ियती बैनरों से सजाया गया है। मकानों व सड़क के किनारे गम के प्रतीक काले झंडे लगाये जा रहे हैं। इमाम चौक के रंग, रोगन व सफ़ाई का काम भी लगभग पूरा हो गया है। मंगलवार की शाम में जैसे ही आसमान पर मोहर्रम का चांद नज़र आया, इमामबाड़ों से या हुसैन की सदाएं बुलन्द होने लगीं। शिया समुदाय की औरतों ने शृंगार के सामान गम में त्याग दिए और काले लिबास पहन लिए। महिलाएं, बच्चे और पुरूष देर रात तक मजलिस करते रहे। शिया कमेटी के मीडिया इन्चार्ज मोहम्मद हुसैन ने बताया कि इमाम हुसैन दो मुहर्रम को कर्बला पहुंचे थे। उसी की याद में सिरादी का पूरा स्थित अज़ाखाना ज़हरा से दो मोहर्रम को दिन में 9 बजे मजलिस के बाद शबीह दुलदुल, अलम के साथ जुलूस निकलेगा जो पुराने रास्तों से होता हुआ चौक स्थित अज़ाखाना अबु तालिब पहुंच कर समाप्त होगा। जुलूस में स्थानीय व बाहरी अन्जुमने नौहा व मातम करेंगी। मौलाना शारिब अब्बास अकबरपुर व ज़ीशान अली निजामाबादी तकरीर करेंगे।।