सीपू सिंह हत्याकांड: रातभर आजमगढ़ जेल में रहेगा माफिया कुंटू सिंह, कासगंज से कड़ी सुरक्षा में लाया गया था, गैंगस्टर कोर्ट में दर्ज होना था अंतिम बयान
पूर्व विधायक सीपू सिंह हत्याकांड में आरोपी कुंटू सिंह सिंह को कासगंज जिला जेल से आजमगढ़ जिले की गैंगस्टर कोर्ट में पेशी के लिए लाया गया था। गुरुवार को इस मामले में अंतिम बयान दर्ज होना था, लेकिन दर्ज नहीं हो सका। जिसके बाद कोर्ट ने आजमगढ़ जिला जेल में एक रात रहने का आदेश दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कुख्यात अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह की गुरुवार को आजमगढ़ जिले के गैंगस्टर कोर्ट में पेशी हुई। वह पूर्व विधायक हत्याकांड में अंतिम बयान दर्ज कराने के लिए आया था। गुरुवार को उसका बयान नहीं हो सका, जिसके चलते न्यायाधीश ने उसे आजमगढ़ जेल में रात गुजारने का निर्देश दिया है। इसके बाद पुलिस ने कोर्ट में पेशी के बाद जिला जेल भेज दिया।
पूर्व विधायक सर्वेश सिंह सीपू हत्याकांड में अपराधी ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सिंह समेत उसका पूरा गैंग ही नामजद है। वर्तमान में इस केस में गैंगस्टर कोर्ट में अंतिम बयान दर्ज किया जा रहा है। बुधवार को संग्राम सिंह, रिजवान, दुर्ग विजय व अरविंद कश्यप का न्यायालय में अंतिम बयान दर्ज हुआ था। गुरुवार को पूर्व विधायक हत्याकांड के मुख्य आरोपी ध्रुव कुमार सिंह कुंटू के अलावा शिव प्रकाश, मृत्युंजय व दिनेश का बयान होना था।
इसके लिए माफिया कुंटू सिंह को कासगंज जेल से कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था में आजमगढ़ लाया गया था। कुंटू की पेशी के चलते गैंगस्टर कोर्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। गुरुवार को शिव प्रकाश, मृत्युंजय, दिनेश का ही न्यायालय में अंतिम बयान दर्ज हो सका। कुंटू के बयान के लिए अब शुक्रवार की तिथि निर्धारित की गई।
इसके बाद कुंटू सिंह को न्यायालय के निर्देश पर पुलिस महकमे ने जिला कारागार आजमगढ़ ले जाकर आमद करा दिया है। शुक्रवार को कुंटू का अंतिम बयान होने के बाद जैसा कोर्ट निर्देश करेगा, वैसी कवायद पुलिस करेगी। उसे कासगंज भेजा जा सकता है या जिला कारागार आजमगढ़ में भी कुछ दिनों के लिए रखा जा सकता है।