लाटघाट। रौनापार थाना क्षेत्र के महुला गांव के छितौनी पुरवा में भूमि विवाद को लेकर बृहस्पतिवार को मारपीट हो गई थी। मारपीट की इस घटना में मारपीट में घायल तीन लोगों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां इलाज के दौरान घायल वृद्धा की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मृतका का शव पीएम के लिए भेज दिया। वहीं परिजनों की तहरीर पर 10 के खिलाफ अनैच्छिक हत्या का मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया।
महुला ग्राम सभा के छोटी छितौनी पुरवा में मीना पत्नी जयप्रकाश अपने मायके में मिले नेवासे पर रहती है। पट्टीदार रामनयन से उसका काफी दिनों से भूमि विवाद चल रहा है। बृहस्पतिवार को बांस की खूंटी के विवाद में कहासुनी हुई और फिर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। मारपीट की इस घटना में रामनयन पक्ष ने मीना देवी, उसकी सास छोहाड़ी देवी व पुत्र वीरू को मारपीट कर गंभीररुप से घायल कर दिया। तीनों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार की देर शाम छोहाड़ी देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मीना पत्नी जयप्रकाश की तहरीर पर पुलिस ने रामनयन, राजकुमार, राकेश, संतोष, विद्यावती, सीमा, उजाला समेत 10 के खिलाफ अनैच्छिक हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। दो नामजद आरोपी रामनयन व संतोष को पुलिस ने गिरफ्तार भी कर लिया है। शेष नामजद अभियुक्तो की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस दबिश दे रही है।