आजमगढ़। बीएसएनएल कोऑर्डिनेशन कमेटी के आह्वान पर बुधवार से बीएसएनएल कर्मचारी यूनियन ने सीडाॅट परिसर में तीन दिवसीय धरना शुरू किया। कर्मचारियों ने लंबे समय से लंबित वेतन संशोधन को तत्काल लागू करने और वेतन समझौते की फाइल पर शीघ्र निर्णय लेने की मांग उठाई। सहायक महासचिव आनंद सिंह ने कहा कि वेतन संशोधन की फाइल 12 फरवरी 2026 से दूरसंचार विभाग में लंबित है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार की ओर से अफोर्डेबिलिटी क्लॉज में आवश्यक संशोधन नहीं किए जाने से कर्मचारियों को उनका न्यायोचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि चौथे वेतन संशोधन आयोग के गठन की प्रक्रिया शुरू होने से पहले इस मुद्दे का समाधान आवश्यक है। प्रांतीय संगठन मंत्री सुनील कुमार उपाध्याय ने कहा कि कर्मचारियों का धैर्य अब जवाब दे रहा है। यदि जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। उन्होंने कर्मचारियों से संगठन की एकजुटता बनाए रखने का आह्वान किया। धरने में कर्मचारियों ने वेतन संशोधन लागू करने, लंबित वेतन समझौते को मंजूरी देने तथा कर्मचारियों के हितों की अनदेखी बंद करने की मांग की। धरने की अध्यक्षता पंचानंद राय ने की। इस दौरान सुनील सिंह, महेश कुमार, स्मृति, किस्मती, परमेश्वर शाह, संदीप कुमार, अनिल यादव, जयप्रकाश पांडेय, गुरुचंद आदि मौजूद रहे।