बलरामपुर। 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ के खेल मैदान में चल रही तीन दिवसीय 12वीं पीएसी पूर्वी जोन अंतर-वाहिनी मलखंभ प्रतियोगिता का समापन बृहस्पतिवार को हुआ। प्रतियोगिता में 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ प्रथम तथा 42वीं वाहिनी पीएसी नैनी प्रयागराज द्वितीय स्थान पर रही। समापन समारोह के मुख्य अतिथि सेनानायक 20वीं वाहिनी पीएसी आजमगढ़ सुशील कुमार शुक्ला (आईपीएस) रहे।
प्रतियोगिता में पूर्वी जोन की 10 वाहिनियों में प्रयागराज, फतेहपुर, मिर्जापुर, झांसी, वाराणसी, रामनगर, कानपुर, आजमगढ़, नैनी प्रयागराज तथा सोनभद्र की लगभग 150 खिलाड़ियों ने भाग लिया। मार्च पास्ट का नेतृत्व नीट आफ मार्शल गुल्मनायक बीजेंद्र सिंह ने किया, जिसमें सभी टीमों ने बैंड की मधुर धुन पर उत्कृष्ट टर्नआउट के साथ मुख्य अतिथि को सलामी दी। प्रतियोगिता में व्यक्तिगत श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का खिताब राहुल यादव (20वीं वाहिनी) को मिला, जबकि अंगद यादव (20वीं वाहिनी) द्वितीय स्थान पर रहे।समापन पर उपसेनानायक अशोक कुमार, सहायक सेनानायक श्वेता आशुतोष ओझा, सैन्य सहायक महीपाल सिंह, शिविरपाल अमरनाथ यादव, सूबेदार मेजर बीजेंद्र सिंह सहित निर्णायक मंडल व अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।