आजमगढ़। सदर तहसील के मोहब्बतपुर में बनने वाले राज्य विवि के पहुंच मार्ग के निर्माण पर आने वाले खर्च के संबंध में प्रस्ताव शासन को भेज दिया गया है। पिछले दिनों शासन की ओर से पहुंच मार्ग की जमीन खरीद पर आने वाले खर्च और स्टांप शुल्क आदि के बारे में प्रस्ताव तलब किया गया था। खरीद पर 18.94 करोड़ रुपये की लागत आएगी। किसानों को भूमि मूल्य का चार गुना मुआवजा दिया जाएगा। स्टांप और निबंधन शुल्क अलग लगेगा।
मोहब्ब्तपुर में विवि के लिए पहुंच मार्ग के लिए दौलतपुर में 1.726 हेक्टेयर भूमि की खरीद की जानी है। इस पर 7.58 करोड़ रुपये का खर्च आएगा। पांच फीसदी स्टांप शुल्क और दो फीसदी विकास शुल्क के रूप में 53.11 लाख रुपये लगेंगे। इसके अलावा निबंधन शुल्क के रूप में एक फीसदी 7.58 लाख की धनराशि लगेगी। उधर, महलिया और मोहब्बतपुर में विवि परिसर के लिए 4.7330 हेक्येर भूमि की खरीद की जानी है। इसकी लागत 11.38 करोड़ के आसपास है। इसमें पांच फीसदी स्टांप शुल्क 56.79 लाख और एक फीसदी निबंधन शुल्क के रूप में 11.35 लाख रुपये लगेंगे। चूंकि भूमि खरीद राज्यपाल के पक्ष में किया जाता है इसलिए स्टांप शुल्क की देयता से मुक्ति मिलेगी। सिर्फ प्रक्रिया को अपनाना पड़ेगा। मोहब्ब्तपुर में विवि की स्थापना के लिए 50 एकड़ भूमि की आवश्यकता थी। यहां पर लगभग 38 एकड़ सरकारी भूमि ही विवि के लिए उपलब्ध हो पाई है। शेष भूमि किसानों से खरीदी जानी है। मुख्य राजस्व अधिकारी हरिशंकर ने बताया कि शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।