UP News: साथ में खाया मुर्गा... शराब पी, बात बहन पर आई तो यूट्यूब से सीखा तरीका; फिर रेत दिया साथी का गला
खेत सिंचाई के दौरान साथ में मुर्गा खाया और शराब पी। इसके बाद नशे की हालत में बात बहन पर आ गई। इस पर यूट्यूब से तरीका सीखा और फिर एक ने दूसरे का गला रेत दिया। हकीकत सुन सभी के होश उड़ गए।
विस्तार
यूपी के अयोध्या में पूराकलंदर के पलिया गोवा निवासी नागेंद्र प्रसाद यादव की हत्या उसके साथ रहने वाले एक युवक ने ही की थी। बहन के खिलाफ अपशब्द सुनकर वह आगबबूला हो गया और यूट्यूब से माइक्रो सेकेंड में हत्या करने का तरीका सीखा। इसके बाद हंसिया से उसका गला रेत दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार करके घटना का खुलासा कर दिया।
बुधवार को एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी ने बताया कि 23 जून की देर रात नागेंद्र प्रसाद यादव (40) घर से कुछ दूरी पर रात में खेत सींचने गया था। उसका रक्तरंजित शव खेत के पास चारपाई पर पड़ा मिला। विवेचना में गांव के ही विनय कुमार प्रजापति का नाम सामने आने पर बुधवार को पलिया गोवा मोड़ से सुबह 09:38 बजे पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
बहन की गाली देते हुए अपशब्द कहे...
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 23 जून को नागेंद्र ने मुर्गा बनवाया था। विनय से रोटी व चावल बनाकर लाने को कहा था। मोतीलाल साहू की ट्यूबवेल के पास चकरोड पर नागेंद्र ने शराब पी और दोनों ने भोजन किया। इस बीच पड़ोस के रहने वाले जुग्गीलाल आ गए। उनके साथ नागेंद्र खेत में पानी देखने चला गया। बाद में जुग्गीलाल अपने घर चले गए तो वह दोनों लूडो खेलने लगे। इसी बीच शराब के नशे में दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी होने लगी तो नागेंद्र ने विनय को बहन की गाली देते हुए अपशब्द कह दिया।
सोते हुए हंसिया से गला रेत दिया
इसी खुन्नस में विनय ने यूट्यूब पर सर्च किया कि कैसे कुछ ही सेकेंड में एक व्यक्ति को मारा जा सकता है। इसी वीडियो को देखकर उसने हंसिया से सोते हुए नागेंद्र का गला रेत दिया। बाद में खुद ही मृतक के पिता को फोन करके उसे खून की उल्टी होने व बेहोशी की जानकारी दी। परिजन आए तो वह उनके पीछे खड़ा रहा। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करके घटना में प्रयुक्त हंसिया, घटना के वक्त पहने हुए कपड़े, मोबाइल फोन, जलाकर नष्ट किए हुए कपड़ों के अवशेष आदि भी बरामद कर लिए हैं।
दिन में आठ बार नागेंद्र ने किया था फोन
पुलिस ने नागेंद्र का सीडीआर निकलवाया तभी शक की सुई विनय की ओर घूमी। दिन में नागेंद्र ने विनय को आठ बार कॉल की थी। घटना के समय भी विनय वहां मौजूद था। पूछताछ में वह बार-बार अपना बयान बदलता रहा। इससे शक का घेरा उसके खिलाफ कसता गया।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.