{"_id":"010ddbfd0e73d56b6246906a60bbeba7","slug":"they-invite-incident-poll-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"हादसे को न्यौता देते ये पोल","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हादसे को न्यौता देते ये पोल
ब्यूरो/अमर उजाला, औरैया
Updated Mon, 22 Jun 2015 12:25 AM IST
विज्ञापन
एक तो लचर बिजली आपूर्ति, ऊपर से जगह-जगह टूटे पड़े बिजली व टेलीफोन के खंभे शहरवासियों को हादसों का न्यौता दे रहे हैं। हालात यह है कि कई स्थानों में एचटी लाइन छतों के ऊपर से निकाली गई है, जिससे गृहस्वामी को हादसे का अंदेशा बना रहता है।
विज्ञापन
शहरवासियों ने बिजली के खंभे दुरुस्त कराने की मांग विद्युत अधिकारियों से की, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। इसके अलावा टेलीफोन खंभे पूरी तरह से जर्जर होकर जमीन पर गिर पड़े हैं।
विज्ञापन
खराब रहती है टेलीफोन लाइन - मंडी सीमित स्थित एएसपी आवास के पास एक टेलीफोन लाइन का खंभा पांच माह से झुका खड़ा है। इस कारण टेलीफोन लाइन खराब बनी रहती है। लोगों ने विभागीय अधिकारी से खंभा दुरुस्त कराने की मांग की, लेकिन किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
विज्ञापन
हाइवे स्थित मंडी समिति परिसर में मात्र दो टेलीफोन लाइन के खंभे हैं, उनमें से एक खंभा जर्जर हालत में पड़ा हुआ है। मंडी समिति में 100 लोगों के बीएसएनएल कनेक्शन हैं। खंभा ठीक न होने से आए दिन समस्या बनी रहती है। इसके अलावा इंटरनेट में भी बाधा उत्पन्न होती है।
शहरवासियों को बिजली आपूर्ति दिलाने के लिए विभागीय अधिकारी लोगों को मौत के मुंह में डालने से भी नहीं चूक रहे हैं। दूसरों की जान खतरे में डालकर विद्युत विभाग अपना काम निकाल रहा है। शहर के गुरुहाई मोहाल में एक घर की दीवार पर ही विद्युत पोल टिका है।
खिड़की साहब राय मोहल्ले में घर के सहारे ही टेलीफोन लाइन का खंभा टिका हुआ है, जिससे वहां से निकलने वाले राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा है। विभागीय अधिकारियों से शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो सका।
विभाग को हादसे का इंतजार - औरैया। गुरुहाई मोहाल निवासी अविनाश दिवाकर का कहना है कि उनके पड़ोसी की दीवार पर विद्युत पोल रखा हुआ है। बरसात के मौसम में तो करंट पूरे घर में आ जाता है। विभागीय अधिकारियों को जानकारी देने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हुई। शायद उन्हें किसी बड़े हादसे का इंतजार है।
बीएसएनएल रहता है ध्वस्त - औरैया। गुरुहाई मोहाल निवासी बबलू कुमार ने बताया कि शहर में लगे टेलीफोन विभाग के अधिकतर खंभे गिर चुके हैं। खंभे खराब होने के चलते आए दिन समस्या बनी रहती है। विभागीय अधिकारी इन खंभों को दुरुस्त कराए जाने में कोई दिलचस्पी नहीं ले रहे हैं।