{"_id":"1effe53604b16b07f84a3e02e09640b5","slug":"there-lifeless-machine-electric-crash-occurred-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"मशीन हुई बेजान, बिजली हुई धड़ाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
मशीन हुई बेजान, बिजली हुई धड़ाम
ब्यूरो/अमर उजाला, औरैया
Updated Mon, 22 Jun 2015 12:17 AM IST
विज्ञापन
शहर को बिजली आपूर्ति मुहैया कराने वाले नंबर एक बिजली घर की मशीन में रविवार सुबह खराबी आने से दस घंटे आपूर्ति ठप रही। इस कारण भीषण गर्मी में लोग परेशान रहे। वहीं पेयजल को लेकर त्राहि-त्राहि मची रही।
विज्ञापन
चार घंटे देरी से इंजीनियरों की टीम पहुंचने से आपूर्ति बहाल होने में घंटों का समय लग गया। अधिकारियों द्वारा अन्य मशीनों पर लोड स्थानांतरित न करने के चलते आए दिन मशीन में आ रही खराबी से लोगों में खासा आक्रोश व्याप्त है।
विज्ञापन
रविवार सुबह पांच बजे एक नंबर इनकमिंग फीडर की मशीन में ओवरलोड के चलते अचानक आग लग गई। इससे मशीन के स्पॉट जल गए और सीटी फुंक गई।
खास बात यह है कि मशीन में सुबह आई खराबी को दूर करने को विभागीय अधिकारियों ने आठ बजे प्रयास शुरू किए। चार घंटे बाद पहुंची इंजीनियरों की टीम ने मशीन की जांच पड़ताल की।
विज्ञापन
आननफानन में एसडीओ गजेंद्र सिंह के संज्ञान में बात लाई गई, तब जाकर अजीतमल बिजली घर से सीटी मंगवाई गई। इस पूरी प्रक्रिया में इंजीनियरों की टीम को आपूर्ति बहाल करने में 10 घंटे का समय लग गया। इसके चलते पूरे दिन आपूर्ति ठप रहने से बढ़े मौसम के तापमान ने उपभोक्ताओं में बेचैनी बढ़ाने का काम किया।
वहीं दिनभर बिजली आपूर्ति बहाल न होने से लोगों के सामने पेयजल की गंभीर समस्या खड़ी हो गई। लोग पानी के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर रहे।
मशीन ठीक होते ही शुरू रोस्टर के तहत कटी आपूर्ति- बिजली घर पर एक तरफ इंजीनियरों की टीम जल्द से जल्द मशीन ठीक कर बिजली आपूर्ति बहाल करने में लगा थी। जैसे-तैसे दस घंटे के बाद मशीन को ठीक कर चालू करने की स्थिति में पहुंचाया गया।
वैसे ही मशीन को टेस्ट किए जाने के लिए हैंडल लगाया गया, तभी असैनी से रोस्टर के मुताबिक दोपहर एक बजे आपूर्ति काट दी गई। इससे सबके पसीने छूट गए। जेई एसके मौर्या व एसडीओ गजेंद्र सिंह ने उच्चाधिकारियों से मिन्नत कर 20 मिनट के लिए आपूर्ति खुलवाई तब जाकर मशीन की टेस्टिंग हो सकी।