औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र में करीब पांच वर्ष पूर्व नाबालिग किशोरी को ले जाने के मामले में विशेष न्यायाधीश (पॉक्सो अधिनियम) अखिलेश्वर प्रसाद मिश्रा ने शीलू को दोषी करार देते हुए सात वर्ष के कठोर कारावास की सजा सुनाई है। न्यायालय ने दोषी पर 15 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
अभियोजन पक्ष के अनुसार, किशोरी की मां ने थाना फफूंद में मुकदमा दर्ज कराया था। इसमें आरोप लगाया था कि 13 अगस्त 2021 को गांव वावा का पूर्वा निवासी शीलू उसकी नाबालिग बेटी को ले गया था। 14 अगस्त को थाना फ्रेंड्स कॉलोनी से फोन के माध्यम से किशोरी के मिलने की सूचना मिली। इस पर परिजन मौके पर पहुंचे और किशोरी को अपने साथ ले आए। पुलिस ने शीलू के खिलाफ अपहरण, पॉक्सो और दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपपत्र न्यायालय में दाखिल किया। मामले की सुनवाई विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट में हुई। विशेष लोक अभियोजक ने भी अदालत में अपना पक्ष रखा। उन्होंने दलील दी कि शीलू ने किशोरी को विवाह और शारीरिक संबंध बनाने के उद्देश्य से ले जाकर गंभीर अपराध किया है। वहीं, बचाव पक्ष ने शीलू की कम उम्र और कोई आपराधिक इतिहास नहीं होने का हवाला देते हुए कम सजा देने की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने और साक्ष्यों के आधार पर न्यायालय ने शीलू को नाबालिग के अपहरण का दोषी मानते हुए सात वर्ष के कठोर कारावास और 15 हजार रुपये अर्थदंड से दंडित किया। अर्थदंड अदा नहीं करने पर अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी। न्यायालय ने अर्थदंड की धनराशि पीड़िता को देने का भी आदेश दिया। फैसला सुनाए जाने के बाद दोषी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।