पशु चिकित्सक टीम ने गांव में शुरू किया पशुओं का इलाज
अमरोहा। डीएम बीके त्रिपाठी के निर्देश पर मुख्य पशु चिकित्सक टीम के साथ सलारपुर माफी पहुंचे। यहां पर लंपी से पीड़ित पशुओं का इलाज शुरू किया। जनपद में तेजी से लंपी बीमारी का प्रकोप फैल रहा है। लगातार लंपी से गोवंश की मौत हो रही है। तहसील क्षेत्र के गांव सलारपुर माफी ग्रामीणों का आरोप है कि पशु चिकित्सक जानकारी के बाद भी गांव में लंपी से पीड़ित पशुओं का इलाज करने नहीं आ रहे हैं। इससे उनके पशु असमय काल के गाल में शमा रहे हैं। गुस्साएं ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया था। इस खबर को अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। रविवार को अमर उजाला में प्रकाशित खबर का संज्ञान लेते हुए डीएम बीके त्रिपाठी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी को टीम समेत सलारपुर माफी पहुंचने के निर्देश दिए।
डीएम के आदेश मिलते ही मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी टीम के साथ गांव पहुंचे और यहां लंपी से पीड़ित पशुओं का उपचार शुरू किया। लंपी से पीड़ित पशुओं को अन्य पशुओं से अलग रखने को कहा। ग्राम प्रधान से कहकर गांव में दवाई का छिड़काव कराया। मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. खुशीराम ने बताया कि गांव में 15 पशु लंपी बीमारी से पीड़ित थे, जिसमें 10 पशु ठीक हो गए हैं। अभी हाल में ही एक नया पशु लंपी से पीड़ित मिला है। 4 पुराने मरीज हैं। जल्द ही सभी पशु स्वस्थ हो जाएंगे। वहीं जनपद में अब लंपी से पीड़ित पशुओं की संख्या 248 हो चुकी हैं, जबकि 3 पशुओं की मौत हुई है। टीम में पशु चिकित्सा अधिकारी जोया, तीन पशुधन प्रसार अधिकारी, 2 वैक्सीनेटर शामिल रहे।