UP: खाना बनाते समय सिलिंडर फटने से कंटेनर में लगी आग, गजराैला के दो युवकों की रायपुर में जलने से माैत
गजरौला के कबीरपुर गांव निवासी दो युवकों की रायपुर में मौत हो गई। दोनों वहां काम करने के लिए गए थे। बताया जाता है कि बारिश के कारण वह कंटेनर में खाना बना रहे थे तभी सिलिंडर लीक होकर फट गया। हादसे में कंटेनर जलने से दोनों उसकी चपेट में आ गए।
विस्तार
गजरौला के कबीरपुर गांव निवासी फरमान (22) और शादाब (20) की रायपुर (छत्तीसगढ़) में जलकर मौत हो गई। वह बारिश के कारण कंटेनर में सिलिंडर रखकर खाना बना रहे थे। सिलिंडर लीक हो जाने के कारण वह फट गया। इससे कंटेनर में आग लग गई। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। वह शव लेने के लिए रवाना हो गए।
गजराैला थाना क्षेत्र के गांव कबीरपुर में राज मिस्त्री महफूज अली और शाहिद अली के परिवार रहते हैं। महफूज अली का बेटा फरमान (22) और शादाब (20) पुत्र शाहिद मजदूरी करते थे। वह नजदीकी गांव कासमाबाद निवासी ठेकेदार के अधीन सड़क निर्माण कार्य में मजदूरी करने के लिए छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर गए थे।
रविवार दोपहर को वह बारिश के कारण कंटेनर में गैस सिलिंडर रखकर खाना बनाने लगे। उनके साथ मुरादाबाद का युवक भी था। बताया जा रहा है कि इस बीच अचानक सिलिंडर लीक होने के कारण आग लगने से इसकी चपेट में कंटेनर भी आ गया। फरमान व शादाब उसी में फंसे रह गए।
इस दौरान कंटेनर धू धूकर जल उठा। आसपास के लोगों के फोन करने पर दमकलकर्मियों ने किसी तरह आग पर काबू पाया। उनके शव बाहर निकाले। साथ में काम करने वाले युवकों ने उनकी मौत की सूचना परिजनों को दी। जिसे सुनकर परिवार में कोहराम मच गया।
रात में ही परिजन रायपुर रवाना हो गए। ग्रामीण सदाकत ने बताया कि दोनों के शव मंगलवार दोपहर बाद तक गांव में आएंगे। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि गजरौला के युवकों की मौत की जानकारी नहीं है।
दोनों परिवाराें पर टूटा दुखों का पहाड़
रायपुर में फरमान व शादाब की मौत से दोनों परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। राज मिस्त्री महफूज अली के एक बेटे जाने आलम की चार साल पूर्व करंट से मौत हो गई। उसे गांव में ही बिजली ने पकड़ लिया था। उस दुख को महफूज अली का परिवार अभी तक नहीं भूला है। फरमान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। परिवार का रो रोकर बुरा हाल है।