संभल बाईपास मार्ग पर टेंपो की टक्कर दूल्हे की कार से हो गई। इसी दौरान बसपा के प्रचार में शामिल कार ने टेंपो में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में कार में बैठे दूल्हा एवं दुल्हन के अलावा टेंपो सवार तीन लोग घायल हो गए। घायलों का अस्पताल में उपचार कराया गया। दूल्हा-दुल्हन समेत तीन लोगों को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
मंगलवार सुबह करीब नौ बजे हसनपुर के रहरा अड्डे से टेंपो में यात्रियों को बैठाकर चालक रिहान निवासी मोहल्ला कालाशहीद हसनपुर गजरौला के लिए चला था। जैसे ही वह संभल अड्डे से अतरासी अड्डे की दिशा में बढ़ा, तो झकड़ी अड्डे के नजदीक सामने से आ रही दूल्हे की कार से टेंपों की टक्कर हो गई। इसी बीच टेंपो के पीछे चल रहे बसपा के प्रचार में शामिल कार भी टेंपो में भिड़ गई। हादसे में चालक रिहान के अलावा टेंपो में सवार यात्री इमामुद्दीन एवं अयूब निवासी कालाशहीद घायल हो गए। जबकि कार में बैठा दूल्हा निखिल सिरोही, निवासी सैदपुर थाना चंदौसी जनपद संभल एवं उसकी दुल्हन मोनिका पंवार घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई। दुल्हन एवं दूल्हा को निजी चिकित्सक के यहां ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताते हैं कि निखिल मेरठ में शादी के बाद अपनी दुल्हन के साथ अपने घर जा रहा था। उधर, टेंपो में सवार घायलों में चालक रिहान को सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में कर लिया है। एसएसआई सुनील कुमार शर्मा ने बताया कि हादसे के मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है।