अमरोहा। गैर समुदाय के युवक ने मंदिर के शिवलिंग के ऊपर से नाग देवता और त्रिशूल व अन्य सामान को चोरी कर लिया। स्थानीय लोगों ने शक के आधार पर युवक को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कपड़े की पोटली से नाग देवता व अन्य सामान बरामद हो गया। मामला दो समुदाय से जुड़ा होने से गांव में सांप्रदायिक तनाव है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, मंदिर कमेटी के सदस्य की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
नगर के आजाद रोड स्थित बेगम सराय में प्राचीन शिव चामुंडा मंदिर है। सोमवार की शाम को गैर समुदाय के युवक ने शिवलिंग के ऊपर से ताबे के नाग देवता, पीतल के त्रिशूल और 252 रुपये चोरी कर लिए। युवक सामान को कपड़े की पोटली में रख कर भागने लगा। युवक इससे पहले कभी वहां नहीं देखा गया था। इसलिए स्थानीय लोगों ने उसे शक के आधार पर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान पोटली में चोरी किए गए नाग देवता, त्रिशूल और रुपये बरामद हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना नाम वाजिद निवासी अंजुम कालोनी बताया। मंदिर कमेटी के सदस्य प्रभात गोला की तहरीर पर पुलिस ने वाजिद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली हैं। घटना के बाद हिंदू संगठनों में रोष व्याप्त है। प्रभात गोला के मुताबिक नाग देवता का आधा हिस्सा दस दिन पहले भी चोरी हुआ था। इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसके जेल भेज दिया गया है।