क्षेत्र के गांव डींगरा में चल रही रामलीला के मंच पर नर्तकियों के अश्लील डांस का वीडियो वायरल होने पर पुलिस ने गांव पहुंच कर नर्तकियों का डांस बंद करा दिया। पुलिस ने आयोजकों को चेतावनी दी है कि अनुमति पत्र में दर्ज शर्तों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी। वही कमेटी के अध्यक्ष ने वायरल वीडियो को पुराना बताया है।
डींगरा गांव में हर साल रामलीला का आयोजन किया जाता है। मंगलवार की रात रामलीला का उद्घाटन किया गया था। आरोप है कि रामलीला के मंच पर नर्तकियों द्वारा अश्लील डांस शुरू कर दिया गया। किसी ने युवतियों द्वारा किए जा रहे डांस की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के साथ पुलिस अधिकारियों को भी भेज दी। अधिकारियों के निर्देश पर गांव पहुंची पुलिस ने तत्काल अश्लील डांस बंद करा दिया। वायरल वीडियो में दो डांसर ठुमके लगाती व उन पर नोट उड़ाते युवा नजर आ रहे हैं। कमेटी के अध्यक्ष सोनू त्यागी ने वायरल वीडियो को पुराना बताते हुए कहा कि रामलीला मंच पर सिर्फ धार्मिक आयोजन किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक प्रेमपाल सिंह ने बताया कि रामलीला मंच पर युवतियों के अश्लील डांस की शिकायत मिली थी। पुलिस को भेजकर डांस बंद करा दिया गया है। उन्होंने चेेतावनी दी है कि अनुमति पत्र की शर्तों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।