जिले में 12 से 14 साल वाले बालकों में लक्ष्य के सापेक्ष अधिक ने कोरोना बचाव का पहला टीका लगवा लिया है। जबकि दूसरा टीका लगवाने वालों की संख्या 85.15 फीसदी है। ऐसे 84.70 फीसदी किशोरों ने पहला टीका लगाया है जबकि दूसरा टीका लगवाने वालों की संख्या 75.44 फीसदी है। फिलहाल की स्थिति देखी जाए तो पहला और दूसरा टीका लगवाने वाले बालकों व किशोरों की संख्या बेहद कम है। जबकि तीसरा टीका लगाने वाले लोगों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हुई है।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. राजकुमार ने बताया कि जनपद में 12 से 14 साल तक के बच्चों के टीकाकरण के लिए 77951 लक्ष्य रखा गया था। जिसके सापेक्ष 80092 ने पहला टीका लगवा लिया। जिसका टीकाकरण प्रतिशत 102.75 फीसदी है। ऐसे ही दूसरा टीका लगवाने वालों की संख्या 66377 है ,जो 85. 15 प्रतिशत रहा है। 15 से 17 साल के किशोरों के टीकाकरण के लिए 129066 का लक्ष्य रखा गया था। जिसके सापेक्ष 109318 ने पहला टीका लगवाया है। जिसका प्रतिशत 84.70 रहा है। ऐसे ही दूसरा टीका लगाने वालों संख्या 97369 है। जिसका प्रतिशत 75.44 है। वहीं 18 साल से अधिक की उम्र वाले लोगों को टीकाकरण का लक्ष्य 1322078 रखा गया था। जिसके सापेक्ष 1302081 ने पहला टीका लगवाया है। जिसका प्रतिशत 98.49 रहा है। ऐसे ही दूसरा टीका लगाने वालों की संख्या 1302206 यानी 98.5 फीसदी रही है। जबकि तीसरा टीका लगवाने वालों की संख्या 266105 यानी 26.6 प्रतिशत है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन में पहला और दूसरा टीका लगवाने वाले बालक व किशोरों की संख्या कम हुई है। जबकि तीसरा टीका लगवाने वाले 18 साल से अधिक उम्र वाले लोगों की संख्या में इजाफा हुआ है।