अमरोहा। साइबर अपराध का मकड़जाल लोगों को अपनी जद में ले रहा है। पीडब्ल्यूडी के इंजीनियर सहित दो से एक लाख से अधिक की धोखाधड़ी के बाद अब मजदूर के खाते से 40 हजार रुपये निकाल लिए गए। एटीएम कार्ड मालिक के पास था, बावजूद इसके ठगों ने चार बाद एटीएम ट्रांजक्शन किए हैं। पीड़ित मजदूर के पास में कोई ओटीपी नहीं आया और न कोई लिंक। खाते से रुपये कटने के एसएमएस मिले तो होश उड़ गए। पीड़ित ने इसकी शिकायत थाने में की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। अब पीड़ित ने ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराई है।
नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के मखदुमपुर निवासी मोहम्मद जुबेर पुत्र इंतजार अहमद पेशे से मजदूर हैं। वह कभी दिल्ली तो कभी गांव में मेहनत मजदूरी करता है। उसका खाता अमरोहा नगर के बड़ा बाजार स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा में है। उसके पास एटीएम कार्ड भी है। फिलहाल, जुबेर अपने गांव में घर पर मौजूद है। दस और 11 नवंबर को साइबर ठगों ने उसके खाते से एटीएम द्वारा चार ट्रांजक्शन किए और खाते से 40 हजार रुपये उड़ा दिए। जुबेर का आरोप है कि पैसा निकासी से संबंध में उसके पास न तो कोई ओटीपी नंबर आया और न ही कोई लिंक। एटीएम कार्ड भी उसके पास है, फिर भी खाते से पैसे काट लिए गए। बैंक में शिकायत दर्ज कराने पर एटीएम ट्रांजक्शन का पता चला। इस संबंध में पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई तो कोई सुनवाई नहीं हुई। शुक्रवार को ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है।