जिले की विधानसभा क्षेत्रों में सोमवार को मतदान हुआ। अस्सी हजार से अधिक मतदाताओं की संख्या बढ़ने के बाद भी 72.02 प्रतिशत मतदान हुआ, जो पिछले चुनाव के मुकाबले .32 फीसदी कम है। जबकि जनपद वासियों ने वर्ष 2017 में 72.34 प्रतिशत मतदान किया था। इस वजह से अमरोहा सबसे अधिक वोट करने में उत्तर प्रदेश में दूसरे स्थान पर था।
जनपद में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ। पिछले साल के मुकाबले इस बार मतदान करने की अवधि एक घंटा अधिक थी। जबकि वर्ष 2017 की तुलना इस बार 88193 मतदाताओं की संख्या बढ़ी गई थी। लेकिन सुबह में मतदाता घरों से कम संख्या में निकले। जैसे-जैसे सूरज चढ़ता गया, वैसे-वैसे मतदान का ग्राफ दोगुनी रफ्तार से बढ़ता गया। ग्यारह बजे से 5 बजे की सबसे अधिक वोट पड़े। इसके बाद बूथों पर सन्नाटा पसर गया। शाम छह बजे तक हसनपुर क्षेत्र में 73.58 प्रतिशत, अमरोहा क्षेत्र में 70.15 प्रतिशत, नौगांवा सादात में 74.17 प्रतिशत, धनौरा में 70.02 प्रतिशत रहा। चारों विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा नौगांवा में 74.17 प्रतिशत मतदान हुआ है। प्रशासनिक रिकार्ड के मुताबिक 2012 में जिले में कुल 1145668 मतदाता थे। जिसमें 792227 लोगों ने वोट डाले थे, जिसका कुल मतदान प्रतिशत 69.15 रहा था। ऐसे ही वर्ष 2017 में 1262340 मतदाता थे, जिसमें 913155 लोगों ने वोट किया। जिसका कुल मतदान प्रतिशत 72.34 रहा था। लेकिन इस बार मतदाता अपने रिकार्ड तोड़ने में .32 प्रतिशत पीछे रह गए हैं।