हसनपुर (अमरोहा)। नगर में जिलाधिकारी उमेश मिश्र और पुलिस अधीक्षक डा. विपिन ताडा की अगुवाई में दंगा नियंत्रण रिहर्सल किया गया। एसपी ने सर्किल के तीन थानों की पुलिस के साथ शहर के अति संवेदनशील इलाकों में दंगा नियंत्रण के लिए रिहर्सल कराया। लोगों से जनसंपर्क स्थापित किया। मिश्रित आबादी में 20 प्वाइंट बनाए गए हैं। जहां पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगा दी गई है। लोगों को समझाया कि अयोध्या में राम मंदिर को लेकर आने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर शांति व्यवस्था बनाए रखें।
अयोध्या मामले में फैसले को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क है। क्योंकि वर्ष 1992 में इसी को लेकर हसनपुर क्षेत्र में दंगा हुआ था। काफी बवाल हुआ। पहले जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं हो इसलिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह से सतर्क है। सुबह नौ बजे डीएम और एसपी के साथ पुरानी तहसील पर जिले भर के अधिकारी, हसनपुर, सैदनगली और आदमपुर थानाध्यक्ष के साथ पुलिस की टीम एकत्र हुए। एसपी ने पूरे कस्बे को दो सेक्टर में बांटा गया है। जिसमें करीब 20 प्वाइंट बनाए गए हैं। कहा कि लालबाग, मंस्जिद संभलियान, जामा मस्जिद तिराहा, संभल अड्डा, होलीवाला, खंकर वाला कुआं, मोहल्ला कूटान, रेतिया मस्जिद, ठाकुर आर्मरी, बिजलीघर तिराहा, टेलीफोन एक्सचेंज, अतरासी अड्डा, झकड़ी अड्डा, आखून चौक, लाल मस्जिद, इंद्राचौक, रहरा अड्डा, कालाशहीद, पत्थर वाली मस्जिद पर एक दरोगा के साथ चार पुलिस कर्मियों की टीम लगाई। इसमें एक सेक्टर प्रभारी के रूप में अन्य विभाग के अधिकारी का सहयोग भी रहने के निर्देश दिए। डीएम ने कहा कि जिस प्वाइंट पर टीम रहेगी। वहां के रहने वाले लोगों से बातचीत कर लें। किसी भी प्रकार की समस्या उत्पन्न होने पर तुरंत सूचित कर लें। इसके बाद शहर में दंगा नियंत्रण रिहर्सल किया। मार्च के रूप में लालबाग होते हुए संभल अड्डे पहुंचे। लोगों को शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की। सड़कों पर फैले अतिक्रमण को हटवाने के लिए कहा। इसके बाद ब्लॉक परिसर में एसपी ने पुलिस कर्मियों के साथ ब्रीफिंग भी की। इस मौके पर एडीएम, एसडीएम, तहसीलदार समेत तमाम विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।