हसनपुर (अमरोहा)। पुलिस की ओर से चलाए जा रहे ऑपरेशन वज्रपात के तहत क्षेत्र में आपराधिक वारदातों को अंजाम देकर जेल से छूटकर घर रहने वाले अपराधियों पर नजर रखी जा रही है। उन्हें थाने बुलाकर हिदायत दी जा रही है कि किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल होने की कोशिश ना करें। उन पर पुलिस की नजर है। ऐसे ही दर्जनभर अपराधियों को हिदायत देकर थाने से छोड़ा गया।
प्रभारी निरीक्षक आरपी शर्मा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद में चलाए जा रहे ऑपरेशन वज्रपात के अंतर्गत जो पूर्व में अपराधों में जेल गए हैं और वर्तमान में वह जमानत पर या सजा पूरी करने के बाद अपने घर आ गए हैं। उनको थाने पर बुलाकर पूछताछ की गई। अच्छे आचरण के लिए और अपराध से दूर रहने की हिदायत देकर छोड़ दिया गया। बुधवार को विभिन्न मामलों में जेल जा चुके भोजराम, कुमर सेन, टेकचंद, चंद्रसेन, रणवीर, निरंजन, ओमबीर, गोविंद, गोपाल, महावीर, सतपाल, तीरथ, किशन, ओम प्रकाश आदि को थाने लाया गया। यह सभी लोग छेड़खानी, शराब बनाने एवं बेचने, हत्या करने, लूट, गुंडा एक्ट आदि अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं। हिदायत देकर छोड़ दिया। समझाया गया है कि पुलिस की उन पर पैनी नजर है। कुछ भी गलत करने, सोचने पर अंजाम बुरा होगा।