अमरोहा। दस नवंबर को मंडी समिति में सुबह आठ बजे से उपचुनाव की मतगणना प्रारंभ होगी। मतगणना को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस ने कड़े बंदोबस्त किए है। चार सीओ सहित करीब आठ सौ पुलिसकर्मी मुस्तैद किए गए हैं। पूरी मतगणना सीसीटीवी की निगरानी में संपन्न होगी। पूरा मंडी समिति परिसर छावनी में तब्दील रहेगी। मतगणना के दौरान मोबाइल और इलेक्ट्रानिक उपकरणों को प्रतिबंधित किया गया है। वहीं, मंडी समिति के बाहर गुलड़िया रोड पर भारी वाहनों डायवर्ड किया जाएगा।
नौगावां सादात विधान सभा सीट पर तीन नवंबर को उपचुनाव हुआ था। 489 पोलिंग स्टेशनों पर मतदान हुआ था। मतगणना दस नवंबर को की जाएगी। मतगणना शांतिपूर्ण कराने के उद्देश्य से पुलिस ने सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम किए गए हैं। एसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि चार सीओ सहित आठ सौ पुलिसकर्मी मुस्तैद रहेगा। इसके अलावा दो कंपनी पीएसी लगाई गई है। रविवार को पुलिस अफसरों ने पूरे दिन मंडी समिति में सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया। मंडी समिति में होने वाली लोगों की आवाजाही चेक की। वहीं, मंडी समिति में मतगणना स्थल से लेकर बैरियर बनाने के लिए बैरीकेडिंग का कार्य चलता रहा। मंडी परिसर के बाहर गेट से लेकर मतगणना कक्ष तक चार सीओ, 30 इंस्पेक्टर, 110 सब इंस्पेक्टर, 330 कांस्टेबल और दो कंपनी पीएसी तैैनात रहेगी। मतगणना स्थल के बाहर यातायात व्यवस्था को संभालने के लिए ट्रैफिक कर्मियों को लगाया गया है। वहीं, सुरक्षा के लिहाज से मंडी का गेट संख्या एक को बंद कर दिया गया है। सभी को दो नंबर गेट से प्रवेश मिलेगा। प्रत्याशी हो या एजेंट सभी को बिना पास के एंट्री नहीं मिलेगी।