थाना क्षेत्र में अलीगढ़ मार्ग पर रिश्तेदारी से लौट रहे दोस्तों की बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। मौके पर ही एक किशोर की मौत हो गई जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। वहीं शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
बताते हैं कि हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव सोहरका निवासी राकेश (17) पुत्र कलुआ, गांव के ही अपने दोस्त संजय और रविंद्र के साथ बाइक पर सवार होकर सोमवार को जनपद संभल के गवां क्षेत्र के गांव उधनपुर में रिश्तेदारी में दावत के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। यहां से देर शाम वापस लौटते समय अलीगढ़ हसनपुर मार्ग पर चचौरा मोड़ पर उनकी बाइक को ट्रक ने रौंद दिया। मौके पर ही राकेश की मौत हो गई जबकि उसके साथी संजय और रविंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। यहां से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर कर दिया। वहीं पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया। उधर, किशोर की मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक तीन भाइयों में बड़ा था। थाना प्रभारी अमर सिंह ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। जबकि शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा दिया है।